Weather: शाहजहांपुर और बदायूं में झमाझम बारिश, सड़कों पर जलभराव, मोहल्लों में भी भरा पानी
बारिश के कारण शाहजहांपुर और बदायूं जिलों में कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले मोहल्लों में भी जलभराव की समस्या रही।
विस्तार
शाहजहांपुर में बुधवार शाम से रुक-रुक कर हो रही बारिश होने से कई जगहों पर जलभराव हो गया। कुछ देर के लिए मौसम खुलने के बाद फिर से बरसात होने पर से शहर थम सा गया। बारिश होने से तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है। उधर, बदायूं जिले में दो दिन से बारिश का सिलसिला जारी है। सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई।
शाहजहांपुर में बुधवार की शाम को बारिश होने के कारण लोगों के चेहरे खिल गए तो बिजली की लाइनें ब्रेक डाउन होने से आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली जाने से लोग परेशान हो गए। रात में भी कई बार बारिश हुई। बृहस्पतिवार को करीब एक घंटे की तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। टाउन हॉल, लाल इमली चौराहा, नगर निगम, घंटाघर समेत कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। वाहन पानी में बंद हो गए। लोगों को उन्हें धक्का लगाकर निकालना पड़ा।
यह भी पढ़ें- Weather: बरेली में बारिश का सिलसिला जारी, 24 घंटे में 31 एमएम दर्ज; दो दिन मौसम का ऑरेंज अलर्ट
बारिश के चलते बाजारों और मुख्य मार्गों पर आवागमन प्रभावित रहा। राहगीर दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े होकर बारिश थमने का इंतजार करते रहे। बारिश रुकने के बाद भी कई स्थानों पर देर तक पानी भरा रहा। जलनिकासी की धीमी व्यवस्था के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर 12 बजे बारिश थमने पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।
ददरौल विधानसभा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शामियाने से पानी आने से लाभार्थी और उनके परिजन भीग गए। इस बीच खाने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा। वीआईपी और जनप्रतिनिधियों के लिए वॉटरप्रूफ पांडाल की व्यवस्था थी, जबकि लाभार्थियों और उनके परिजनों के लिए लगाए गए सामान्य शामियाने बारिश नहीं रोक सके।
बदायूं में बारिश से कई मोहल्लों में भरा पानी
बदायूं जिले में दो दिन से बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को कई बार बारिश हुई। रात में और सुबह से बारिश होने की वजह से कई सड़कों के साथ मोहल्लों में भी पानी भर गया। मुरादाबाद-फर्रुखबाद हाईवे पर मंडी समिति के पास पानी भर गया। बदायूं-ककराला रोड पर काफी पानी भर गया। बारिश की वजह से बाजार में भी लोगों की कम आवाजाही देखी गई। वहीं, बुधवार की रात हुई बारिश से जोगीपुरा, पनवड़िया, एसएसपी कार्यालय, कलेक्ट्रेट, गांधी ग्राउंड समेत कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया था।