शाहजहांपुर: मुठभेड़ में वांछित आरोपी के पैर में लगी गोली, सिपाही भी घायल; 25 से अधिक मुकदमे हैं दर्ज
शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने नकबजनी के वांछित आरोपी राजेश उर्फ कमती को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। आरोपी की गोली से सिपाही लवकुश भी घायल हो गया।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले में रामचंद्र मिशन थाना पुलिस ने नकबजनी के मुकदमे में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि आरोपी की फायरिंग से सिपाही लवकुश भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
एसपी सिटी सौरभ दीक्षित ने बताया कि 17 जून को नुसरतपुर उर्फ बाड़ीगांव निवासी रियासत के घर की दीवार तोड़कर चोर 10 ग्राम सोने की झुमकी और 20 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
शुक्रवार रात रामचंद्र मिशन थाने के प्रभारी हरीश कुमार पुलिस टीम के साथ हरदोई चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि मुकदमे में वांछित राजेश उर्फ कमती निवासी बढ़खर, थाना मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी नेशनल हाईवे पर सरायकाइयां जाने वाले रास्ते के पास खड़ा है। रात करीब 11.54 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर 25 मुकदमे हैं दर्ज
आरोपी के कब्जे से सफेद धातु की पांच और पीली धातु की एक वस्तु, तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी एक अन्य मुकदमे में भी वांछित था। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।