UP: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, गन्ने के खेत में मुलाकात; प्रेमिका से मिलने आए बिजनौर के युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा
पुवायां के एक गांव की रहने वाली लड़की नाबालिग है। इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती बिजनौर के युवक से हुई। इसके बाद युवक उसे मिलने के लिए बुधवार को उसके गांव आ पहुंचा।
विस्तार
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद बिजनौर का रहने वाला दूसरे समुदाय का युवक प्रेमिका से मिलने शाहजहांपुर के पुवायां आ पहुंचा। उसने प्रेमिका को गांव के बाहर गन्ने के खेत में बुलाया। प्रेमिका जब उसे मिलने पहुंची तो गांव के लोगों ने घेरकर युवक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
बिजनौर के युवक की जान पहचान फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से पुवायां की लड़की से हुई थी। लड़की नाबालिग है। उसकी मां की मौत हो चुकी है। इंस्टाग्राम पर बातचीत के बाद दोनों ने एक-दूसरे का नंबर ले लिया। बातें करने लगे। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने बुधवार को उसके गांव पहुंच गया। कॉल कर प्रेमिका को गन्न के खेत में बुलाया।
गन्ने के खेत में दोनों को पकड़ा
दोपहर में किशोरी प्रेमी से मिलने गन्ने के खेत में पहुंच गई। ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने किशोरी का पीछा कर खेत में युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पूछताछ की तो पता चला कि युवक बिजनौर का है और किशोरी के बुलावे पर पुवायां आया है। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले आई। किशोरी के परिजनों को बुलाया गया। उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस युवक से पूछताछ की। पुवायां थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।