Shahjahanpur: होली पर 10 फीट गहरे गड्ढे में फेंकने से ग्रामीण की मौत, रंग खेलने के दौरान हुआ था विवाद
होली पर गांव भर्रामई निवासी व्यक्ति का उसके बेटे से ही विवाद हो गया था। आरोप है कि शोर-शराबा होने पर पड़ोस में रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी ने पिटाई कर गड्ढे में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विस्तार
शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के गांव भर्रामई निवासी राजबहादुर (58) का बुधवार को बेटे से विवाद हो गया। शोर-शराबा होने पर पड़ोस में रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी ने उसकी पिटाई लगाते हुए 10 फीट गहरे गड्ढे में फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं पुलिस के मुताबिक राजबहादुर खुद गड्ढे में गिर गए थे।
बुधवार को होली खेलने के बाद दोपहर करीब ढाई बजे राजबहादुर का बेटे सुनील से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शोर-शराबा होने पर पड़ोस में रहने वाले रिटायर फौजी जितेंद्र अपने भाई शीशराम के साथ पहुंच गए। भतीजे श्याम सिंह का आरोप है कि जितेंद्र और शीशराम ने राजबहादुर झगड़ा शुरू कर दिया। उन्हें लाठी-डंडों से पीट दिया।
श्याम सिंह के मुताबिक पिटाई करने के बाद राजबहादुर को घसीटते हुए आरोपी घर के बाहर आए और 10 फीट गहरे गड्ढे में उन्हें फेंक दिया। राजबहादुर की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि राजबहादुर कैंसर पीड़ित थे। विवाद के दौरान जितेंद्र ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव का प्रयास किया था। राजबहादुर की खुद गिरने से मौत हुई है।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि मामले की जांच की गई है। जिस पर आरोप लगा है, उसने खुद थाने पर आकर घटना के बारे में पूरी जानकारी दी थी। हत्या का आरोप निराधार है।