Shahjahanpur News: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, चचेरे-तहेरे दो भाइयों की मौत, तीसरा गंभीर घायल
शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर घायल हो गया। मरने वाले दोनों युवक चचेरे-तहेरे भाई थे।
विस्तार
शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात दर्दनाक हादसा हुआ। रिश्तेदारी में जा रहे युवकों की बाइक ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवकों को बंडा सीएचसी लाया गया, जहां एक युवक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसके चचेरे भाई की राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। हादसे में घायल मौसेरे भाई का इलाज पीलीभीत के अस्पताल में चल रहा है।
बंडा के गांव आलमपुर पिपरिया निवासी नेतराम का बेटा अखिलेश (30) रविवार रात करीब 10:00 बजे अपने चाचा राजाराम के बेटे मनोज (25) और पीलीभीत के थाना घुंघचाई के गांव मटेहना निवासी मौसा रामकेशन के बेटे सत्येंद्र (26) के साथ बंडा में हो रहे खाटू श्याम के जागरण में शामिल होने घर से निकला था।
ये भी पढ़ें- UP: दिवाली और छठ पूजा के लिए चलेंगी आठ त्योहार स्पेशल ट्रेनें, आईआरसीटीसी ने शुरू की बुकिंग
जागरण में आने के थोड़े समय बाद वे लोग बाइक से पीलीभीत के मटेहना गांव जाने के लिए निकल गए। रात करीब 10: 45 बजे बंडा-पूरनपुर मार्ग पर गांव बिराहिमपुर झझरिया के पास उनकी बाइक आगे चल रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बंडा सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजन घायल मनोज को लेकर शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज आए। इलाज के दौरान मनोज की मौत हो गई। उधर, सत्येंद्र को परिवार वाले पीलीभीत के एक अस्पताल ले गए हैं, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक अखिलेश दुबई में काम करता था। तीन दिन पहले ही वह बंडा आया था।
अखिलेश की मौत की सूचना घर पहुंची तो मां नन्हीं देवी, पत्नी किरन देवी, छोटे भाई विमलेश, ब्रजेश और तीन साल के बेटे का अभी बिलख पड़े। मनोज की पांच महीने पहले शादी हुई थी। उसकी मौत से मां गुड्डी देवी, पत्नी मालती देवी, भाई मनीष का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था।