तिलहर। सहकारी चीनी मिल के 45वें पेराई सत्र का शुक्रवार को पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना और एडीएम वित्त अरविंद कुमार ने धार्मिक अनुष्ठान के बीच शुभारंभ किया। उन्हाेंने मिल के महाप्रबंधक शैलेंद्र अस्थाना और चीनी मिल सहकारी संघ के उप सभापति दोदराम कुशवाहा के साथ हवन-पूजन किया। बाद में केन कैरियर में गन्ना डालकर और उसका बटन दबाकर पेराई कार्य शुरू कराया।
पं. रामजी शास्त्री के सानिध्य में हुए हवन-पूजन में मिल के गन्ना विकास अधिकारी दमनेश राय, मुख्य अभियंता महेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए और सभी ने हवन में आहुति दी। इस मौके पर गन्ने की पहली बैलगाड़ी लेकर आए सुल्तानपुर गांव के सुरेंद्र और गन्ने की पहली ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मिल गेट पर पहुंचे फुलवा गांव के धर्मपाल को अधिकारियों ने शाल ओढ़ाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान चीनी मिल संघ के डायरेक्टर रवींद्र सिंह, श्यामा सिंह, सर्वेश कश्यप, किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष प्रमोद वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद