शाहजहांपुर: 'इंजीनियर को जेल भेज देना चाहिए', समय पर सड़क न बनने पर भड़के वित्त मंत्री, अफसरों को दी चेतावनी
शाहजहांपुर के तिलहरजई में 50 लाख रुपये के सड़क और नाला निर्माण में देरी पर शनिवार को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इंजीनियरों को चार दिन में काम पूरा न होने पर मुकदमा दर्ज कराने और जेल भिजवाने की चेतावनी दी।
विस्तार
शाहजहांपुर के वार्ड 33 तिलहरजई में लोहारों वाले चौराहे पर करीब 50 लाख रुपये की लागत से चल रहा सड़क और नाला निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने पर शनिवार को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह से काम कराने पर जेल भेज देना चाहिए। वित्त मंत्री ने आवास विकास परिषद के इंजीनियरों से नाराजगी जताते हुए चार दिन में काम पूरा न होने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी।
लोहारों वाले चौराहे पर 120 मीटर नाला-नाली और 150 मीटर लंबी सड़क का निर्माण होना था। दिसंबर 2025 में काम शुरू हुआ था और इसे दो महीने में पूरा किया जाना था। पहले अतिक्रमण नहीं हटने के कारण काम शुरू नहीं हो सका। इसके बाद विद्युत लाइनों को भूमिगत करने में समय लग गया। नाला और नाली का काम पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क का निर्माण अभी अधूरा है। बरसात के कारण भी काम प्रभावित हुआ।
अधिकारियों से जताई नाराजगी
शनिवार को निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने सड़क पर पड़ी रोड़ी को देखकर अधिकारियों से नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि थोड़ा काम शुक्रवार रात को कुछ काम कराया गया है। इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि उन्होंने रात में फोन कर काम पूरा कराने के लिए कहा था।
उन्होंने आवास विकास परिषद के जेई नवीन कुमार और एई हेमंत कुमार से कहा कि वे लोग उनकी बदनामी करा रहे हैं। अधिकारियों की ओर से ठेकेदार के काम पर सवाल उठाए जाने पर वित्त मंत्री ने कहा कि ठेकेदार से काम कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जब ठेकेदार काम नहीं कर रहा था तो उसे काम क्यों दिया गया।
मंत्री बोले- समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो दर्ज होगा मुकदमा
मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए यहां तक कहा कि ऐसे मामले में इंजीनियर को ही जेल भेज देना चाहिए। अधिकारियों ने तीन से चार दिन में सड़क का निर्माण पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस पर वित्त मंत्री ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हुआ तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इस दौरान पार्षद नरेश चंद्र मौर्य भी मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त भान सिंह ने बताया कि ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी गई है। चार दिन में अगर काम पूरा नहीं होता है तो कार्रवाई की जाएगी।