Shahjahanpur: तालिब खान ने राकेश बन युवती को प्रेमजाल में फंसाया, आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की दी धमकी
युवती ने जिसे राकेश समझकर प्यार किया, उसका असली नाम तालिब खान निकला। उसकी हकीकत सामने आई तो वह दंग रह गई। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रंगदारी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
विस्तार
शाहजहांपुर में दूसरे समुदाय के युवक ने खुद को हिंदू बताकर सिंधौली क्षेत्र की अनुसूचित जाति की युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। आपत्तिजनक फोटो खींचकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि युवक ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। उससे पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। पीड़िता ने सिंधौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
युवती ने थाने में तहरीर देकर बताया कि दो साल पहले उसकी दोस्ती राकेश नाम के युवक से हुई थी। फोन पर बातचीत करने के बाद नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि युवक ने धोखा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और फोटो खींच लिए। करीब चार माह पहले उसे पता चला कि युवक का असली नाम तालिब खान है। वह जेबीगंज जिला लखीमपुर खीरी का रहने वाला है।
उसने बातचीत करना बंद कर दी तो युवक ने परिजनों को धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित युवती ने बताया कि आरोपी फोटो वायरल करने की धमकी देते हुए धर्म परिवर्तन करने या पांच लाख रुपये की मांग कर रहा है। पुलिस ने तालिब के खिलाफ दुष्कर्म, रंगदारी मांगने, धमकी देने समेत एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि मामले की विवेचना कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।