शाहजहांपुर में सख्ती: रात 11 बजे के बाद सड़कों पर घूमते मिले तो पुलिस करेगी पूछताछ
शाहजहांपुर में मंगलवार की रात पुलिस ने अभियान चलाया। पहले दिन लोगों से पूछताछ कर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। सीओ सिटी ने कहा कि रात में बिना वजह के अगर कोई घूमता मिला तो उस पर कार्रवाई होगी।
विस्तार
शाहजहांपुर में चौराहों व सड़कों पर पान और चाय की दुकान पर आधी रात तक लगने वाले जमावड़े को लेकर पुलिस सख्त हो गई है। रात 11 बजे के बाद बिना वजह घूमने वालों से अब पुलिस पूछताछ करेगी। सटीक जवाब नहीं मिलने पर हवालात में बंद करेगी।
बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए मंगलवार की रात से पुलिस ने अभियान चलाया। पहले दिन लोगों से पूछताछ कर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। रात दस बजे बाजारों में दुकानें बंद होने के बाद भी चाय और पान की दुकानों पर भीड़ लगी रहती है। यहां रात एक बजे तक लोग एकत्रित रहते हैं। लाल इमली चौराहा, मोहल्ला बंगला, स्टेशन रोड समेत कई स्थानों पर लोगों की भीड़ रहती है। लूट-चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने मंगलवार से सख्ती बरतना शुरू कर दी।
इन इलाकों में भी चला अभियान
सदर, चौक व आरसी मिशन क्षेत्र में रात 11 बजे पुलिस सड़क पर उतर आई। पान व चाय की दुकानों पर खड़े लोगों से पूछताछ की। उनके खड़े होने की वजह पूछी। आधी रात तक दुकानें खुली देखकर नाराजगी भी जताई। पुलिस के अचानक से हरकत में आने के बाद खलबली मच गई। दुकानें भी बंद हो गई।
सीओ सिटी सौम्या पांडेय ने बताया कि आधी रात में बेवजह घूमने का कोई औचित्य नहीं है। घूमते मिलने वालों को वजह बतानी होगी। आपराधिक घटनाओं को देखते हुए रात में चेकिंग की जाएगी।
सुरक्षा की दृष्टि से चलाएंगे अभियान
सीओ सिटी सौम्या पांडेय ने कहा कि महानगरों में आमतौर पर 11 बजे दुकानें व बाजार बंद हो जाते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से अभियान चला रहे हैं। किसी से दुकानें बंद करने को नहीं कह रहे हैं। बशर्ते वह दुकान पर खड़े व्यक्ति की जिम्मेदारी लें।