UP: भूसी से भरी डीसीएम से 2.71 क्विंटल गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार; बरेली के रेस्टोरेंट पर होना था सप्लाई
शाहजहांपुर में मेरठ एसटीएफ ने एसओजी और तिलहर थाना पुलिस के साथ मिलकर लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर डीसीएम (मिनी ट्रक) से करीब पौने तीन क्विंटल गांजा बरामद किया है। गांजे को चावल की भूसी में छिपाकर बरेली ले जाया जा रहा था। एक आरोपी भी पकड़ा गया है।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले में तिलहर थाना पुलिस, एसटीएफ व एसओजी ने मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भूसी से भरी डीसीएम में रखे बोरों के बीच से दो क्विंटल 71 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे की खेप ओडिशा से खरीदकर लाई गई थी।
एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण ने बताया कि मंगलवार की रात एसटीएफ प्रभारी मेरठ के इनपुट के आधार पर एसटीएफ, जनपदीय एसओजी व थाना पुलिस ने सरयू पुलिया के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इस बीच डीसीएम को जांच के लिए रोका गया। इसमें चावल की भूसी के कट्टे भरे थे।
यह भी पढ़ें- Nepal Protest: नेपाल के होटल में फंसे बदायूं के 23 श्रद्धालु, केंद्र सरकार से वापस लाने की लगाई गुहार
गहनता से तलाशी लेने पर प्लास्टिक के नौ बोरों में 132 पैकेट गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने डीसीएम चालक सुभाष सिंह निवासी ग्राम लदौडी थाना नूरपुर जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त डीसीएम को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।
बरेली के रेस्टोरेंट पर होना था सप्लाई
पुलिस ने चालक सुभाष से पूछताछ की। उसने बताया कि वह गांजे की खेप ओडिशा के बृहमपुर निवासी राहुल से लाया था। इसमें बरेली का सनम मिश्रा भी सहयोगी है। गांजा सनम मिश्रा के बरेली स्थित रेस्टोरेंट पहुंचाना था। वे लोग 1500 रुपये प्रति किलो के हिसाब से माल खरीदकर लाते हैं और इसे आसानी से 3500 से चार हजार रुपये प्रति किलो बेच देते हैं।