Shahjahanpur: संगीता के आंगन में लौटी उन्नति, बच्ची का अपहरण करने वाले बदमाशों के करीब पहुंची पुलिस
अलापुर थाना क्षेत्र में संगीता की गोद से उसकी 15 दिन की बच्ची को बाइक सवार बदमाश छीन ले गए थे। ये बच्ची 24 घंटे बाद बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में बैग में बंद मिली। पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
शाहजहांपुर के अलापुर थाना क्षेत्र में सरेराह दिनदहाड़े 15 दिन की बच्ची के अपहरण के बाद केस की कमान खुद एसपी ने संभाली और कई टीमों को खुलासे के लिए लगाया। हाईवे पर गश्त बढ़ाने के साथ ही ताबड़तोड़ दबिश दी गई हैं। माना जा रहा है कि इसी दबाव में बदमाश बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में बच्ची को छोड़कर भाग गए। मासूम पुलिया के नीचे एक बैग में बंद मिली थी। चाइल्ड लाइन बच्ची को उन्नति नाम दिया है।
बच्ची के सलामत मिलने के बाद पुलिस को राहत मिली है। वारदात को जिस शातिराना अंदाज और योजनाबद्ध ढंग से अंजाम दिया गया है, उससे पुलिस के सामने बदमाशों को पकड़ने की चुनौती है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस के हाथ कुछ ऐसे साक्ष्य लगे हैं जो घटना में करीबियों के ही शामिल होने तथा एक षड्यंत्र के तहत वारदात को अंजाम देने की ओर इशारा कर रहे हैं।
वारदात को अंजाम देने का उद्देश्य बदमाशों के पकड़े जाने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस को शुरू से ही साजिश के तहत घटना को अंजाम दिए जाने का शक था। बदमाशों ने बच्ची के अपहरण और उसे छोड़ने के लिए जो स्थान चुना, वहां लोगों की आवाजाही काफी कम है।
बदमाशों को यह भी मालूम था कि उन स्थानों पर कैमरे नहीं लगे हैं। इसी वजह से पुलिस को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बताते हैं कि पुलिस के हाथ घटना को अंजाम देने वालों के काफी करीब तक पहुंच चुके हैं लेकिन कुछ और कड़ियां जुड़ने में समय लग रहा है। थाना प्रभारी हरपाल बालयान ने बताया कि एक-दो दिन में घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
सीसीटीवी खंगाले, लगा नहीं सुराग
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बझेड़ा चौराहे की ओर भागे थे। यहां से एक रास्ता फर्रुखाबाद, दूसरा रास्ता जलालाबाद और तीसरा रास्ता गुरगवां की ओर जाता है। पुलिस ने फर्रुखाबाद हाईवे पर पड़ने वाली दुकानों के सीसीटीवी फुटेज चेक किए लेकिन बदमाश नजर नहीं आए।
जलालाबाद मार्ग के भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बदमाश किस तरफ गए, यह भी पता करना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। चूंकि बच्ची बरेली में बरामद हुई है इसलिए माना जा रहा है कि बदमाश जलालाबाद की ओर आए होंगे।
शाहजहांपुर के एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि एसओजी, क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की कई टीमें बच्ची की तलाश कर रहीं थीं। पुलिस की सक्रियता और दबाव की वजह से बच्ची बरामद कर ली गई है। कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।