शाहजहांपुर में पांच लुटेरे गिरफ्तार: हाईवे पर कार में लिफ्ट देकर करते थे लूटपाट, बुजुर्ग के साथ की थी वारदात
शाहजहांपुर में थाना सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस और एसओजी टीम ने लूटपाट करने वाले पांच लुटेरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पांचों लुटेरे फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले हैं। उनके पास से दो कारें व असलहा बरामद हुआ है।
विस्तार
शाहजहांपुर में हाईवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह के लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस व एसओजी ने पुलिस मुठभेड़ में फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाने के हिस्ट्रीशीटर समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है। उनके पास से गहने व दो कारें बरामद की हैं। लुटेरों ने निगोही और मिर्जापुर में भी लूट की घटना करना स्वीकार किया है।
13 जुलाई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरसी मिशन थाना क्षेत्र के गांव दनियापुर निवासी रामकृपाल पत्नी कमला देवी के इलाज के लिए शाहजहांपुर जा रहे थे। रौसर चौराहे के पास वाहन के इंतजार में खड़े दंपती को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया था। लुटेरों ने चलती कार में उनसे नकदी, जेवर लूटने के बाद सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के बालाजी मंदिर के पास उतारकर भाग गए थे।
ये भी पढ़ें- शिक्षिका पर आया शिक्षक का दिल: एकतरफा प्यार में कर दीं हदें पार, स्कूल में हुआ हंगामा; बुलानी पड़ी पुलिस
मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसओजी समेत चार टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हरदोई मार्ग पर बंद पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को सुबह करीब चार बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से नकदी, आभूषण व लूट में प्रयुक्त कार समेत एक अन्य कार भी बरामद की है।
ये आरोपी पकड़े गए
एसपी अशोक मीणा ने बताया कि पुलिस ने फर्रुखाबाद निवासी गैंग का खुलासा किया है। गैंग का सरगना पंकज गिहार उर्फ राजा निवासी मोहल्ला लाल दरवाजा थाना कादरी गेट हिस्ट्रीशीटर है। इसके अलावा थाना राजेपुर के गांव बिरसिंहपुर निवासी अंकित, सीमांत चौहान निवासी दीन दयाल बाग मसैनी थाना कोतवाली, अंकित चौहान उर्फ सानू निवासी दुर्गा कालोनी मोहल्ला भोलेपुर थाना कोतवाली फतेहगढ़ व सर्वेश कुमार निवासी बिर्राबाग कादरी गेट को गिरफ्तार किया। आरोपी पंकज पर कन्नौज, कानपुर देहात, फतेहगढ़, हरदोई आदि में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
बदल देते थे कार का नंबर
फर्रुखाबाद के गैंग के पास दो कारें हैं, जिनके जरिए दूर-दूर जाकर स्थान बदलकर लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। रास्ते में सीधे-सादे लोगों को निशाना बनाते हैं। एक व्यक्ति गाड़ी खड़ी कर सवारी के इंतजार में खड़े लोगों को गंतव्य तक छोड़ने का झांसा देकर बैठा था। फिर चलती गाड़ी में लूट की घटना को अंजाम देता था। घटना के बाद गाड़ी से उसकी सही नंबर प्लेट उतारकर उस पर फर्जी प्लेट लगाकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बचने के लिए साइड के रास्तों से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच जाते थे।