UP: अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डालने पर युवक की हत्या, पीआरडी जवान ने भाई संग मिलकर की थी वारदात
शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में 21 फरवरी को ढाई मार्ग के किनारे मंदिर के नजदीक बोरी में युवक की लाश के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक पीआरडी जवान ने अपने भाई के साथ मिलकर युवक की हत्या की थी। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
विस्तार
शाहजहांपुर में अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डालने और जेल भिजवाने की धमकी देने पर पीआरडी जवान ने अपने भाई के साथ मिलकर मिर्जापुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या की थी। इसका खुलासा पुलिस ने किया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
21 फरवरी को ढाई मार्ग के किनारे मंदिर के नजदीक 22 वर्षीय युवक का शव बोरी के अंदर मिला था। उसकी पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था, जिसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। मृतक के पिता की ओर से पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह और एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने विवेचना शुरू की। मृतक के बारे में छानबीन की गई तो गांव के पीआरडी जवान श्यामवीर से उसकी निकटता सामने आई। पुलिस ने श्यामवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया।
20 फरवरी को आरोपी के घर गया था युवक
शुक्रवार को पुलिस लाइन में एसपी देहात मनोज अवस्थी ने बताया कि मरने वाले युवक ने 50 वर्षीय पीआरडी जवान श्यामवीर से कथित तौर पर अप्राकृतिक संबंध बनाने की जिद की थी। 20 फरवरी की शाम को वह पीआरडी जवान के घर पर आ गया और संबंध बनाने की जिद करने लगा।
मना करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस बीच श्यामवीर का भाई जयवीर भी पहुंच गया। युवक की धमकी से गुस्से में आए आरोपियों ने उसके सिर पर डंडा मार दिया। इसके बाद गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए प्लास्टिक की बोरी में भरकर बाइक से ढाई मार्ग पर फेंक आए।
मृतक व आरोपी के फोन एक साथ हुए थे बंद
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के खुलासे का सिरा हाथ नहीं लगा। पुलिस की शक की सुई मृतक के भाई की तरफ घूम रही थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि युवक की गांव के श्यामवीर से काफी निकटता थी। उसके बाद मृतक के मोबाइल और श्यामवीर के मोबाइल की घटना वाले दिन की लोकेशन निकाली गई।
युवक का फोन बंद होने के आधे घंटे के बाद श्यामवीर का मोबाइल स्विच ऑफ हुआ था। एसओजी ने श्यामवीर को हिरासत में लिया तो उसने बताया कि वह सुबह छह बजे कांट चला गया था, जबकि वह नौ बजे तक वह गांव में टहल रहा था। वह अपने ही बयानो में उलझता चला गया।
रेत में छिपा दिया था मोबाइल फोन
आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन, जूते, गला घोंटने वाला गमछा, सुई, एक प्लास्टिक के कट्टे में भरकर घर के अंदर ही रेत में छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने इन्हें बरामद कर लिया।
जिला मुख्यालय पर तैनात था श्यामवीर
श्यामवीर जिला मुख्यालय में ड्यूटी करता था। पुलिस के अनुसार, संबंध बनाने के बाद युवक श्यामवीर से रुपये भी ऐंठ लेता था। यह बात उसके भाई अतर सिंह को भी पता थी। आए दिन रुपये लेने के चलते दोनों ने उसे मारने का फैसला लिया था।