शाहजहांपुर हादसा: पुलिस ने 10 घंटे के बाद जबरन हटाया शव, हाईवे पर जाम लगाने वाले 60 लोगों पर मुकदमा
निगोही-बीसलपुर हाईवे पर पुलिस की चेकिंग के दौरान सिपाही के डंडा मारने पर बाइक अनियंत्रित होने से महिला सड़क पर गिर गई थी। डंपर से कुचलकर उसकी मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा किया था। पुलिस ने अब जाम लगाने वालों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले में निगोही-बीसलपुर मार्ग पर गांव जठिया के पास प्रदीप की पत्नी अमरीशा की डंपर की चपेट में आने से मौत होने पर ग्रामीणों व परिजनों ने रविवार रात दस घंटे तक रोड जाम रखा। रात में एडीएम व एसपी देहात ने मौके पर पहुंची तो पुलिस ने जबरन शव को हटवाया। मामले में जाम लगाने वाले 50 से 60 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
निगोही थाने के गांव कल्याणपुर निवासी प्रदीप कुमार, पत्नी अमरीशा देवी व बेटे किशन के साथ शादी समारोह में जा रहे थे। निगोही-बीसलपुर मार्ग पर पुलिस की चेकिंग के दौरान सिपाही के डंडा मारने पर बाइक अनियंत्रित होने से अमरीशा सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आए डंपर से बाइक टकराने के बाद उनके सिर के ऊपर से पहिया निकल गया। हादसे में अमरीशा की मौत हो गई।
संबंधित खबर- शाहजहांपुर हादसा: भाजपा विधायक भड़कीं, बोलीं- पुलिस ने लूट मचा रखी है... महिला को जिंदा करके दिखाइये
रात में एक बजे के बाद हटाया गया शव
नाराज परिजनों ने हाईवे पर जाम लगाकर नारेबाजी की थी। उत्तेजित लोग पुलिसकर्मियों के निलंबन और 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर चेकिंग के नाम पर पुलिस से नाराजगी जताई थी। रात करीब एक बजे एडीएम व एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण पहुंचे। उन्होंने पुलिस को समझाने का प्रयास किया। इन्कार करने पर पुलिस ने जबरन शव को मार्ग से हटवाया।
संबंधित खबर- शाहजहांपुर में दर्दनाक घटना: सिपाही ने मारा डंडा तो बाइक से गिरी महिला, डंपर से कुचलकर मौत, हाईवे पर हंगामा
मामले में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार की ओर से निगोही थाने में जाम लगाने वाले 50 से 60 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इसमें बताया कि जाम खुलवाने का प्रयास करने पर पुलिस के साथ गाली-गलौज कर अपमानित किया। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए धक्का-मुक्की की गई। दरोगा लोकेश व कांस्टेबल मोहित भाटी को काफी चोटें आई है।