शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुभाषनगर कॉलोनी के रिंग रोड पर घेराबंदी कर जानलेवा हमले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुभाषनगर कॉलोनी निवासी राजकुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि होली की रात करीब साढ़े नौ बजे वह परिवार के साथ दावत में जा रहे थे। इस बीच अमर सिंह यादव, अंकित यादव, अजय यादव, कुनाल यादव, अन्नू उर्फ अनुराग यादव, गंजू उर्फ अंकुर आदि लोगों ने उन्हें व उनके भाई राजन सिंह, विमलेश कुमार, विपिन कुमार को जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। शुक्रवार दोपहर आरोपी अमर सिंह यादव व कृष्णपाल उर्फ अंकित को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। जल्द ही बाकी आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। संवाद