शाहजहांपुर: खरना के साथ छठ महापर्व का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू, कल डूबते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
शाहजहांपुर में लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने खरना पूजन किया। दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना की। गुड़ की खीर, रोटी और विभिन्न फल-फूलों से प्रसाद तैयार कर भोग लगाया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया।
खरना के साथ ही छठ महापर्व की आराधना में श्रद्धालु पूरी तरह जुट गए। रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके लिए सुबह से ही पूजा की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। महिलाएं पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद बांस की टोकरी में सजाकर घाटों पर पहुंचेंगी। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
पूर्वांचल महासभा सेवा समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। इसमें भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की जाती है।
खरना के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ सूर्यदेव की उपासना करती हैं। यह पर्व हमें संयम, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। छठ पूजा में जाति और वर्ग का भेद मिटाकर सभी लोग एक साथ घाटों पर पूजा-अर्चना करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और आपसी सहयोग एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
खन्नौत नदी के घाटों पर की गई तैयारी
छठ पूजा को लेकर खन्नौत नदी के लोधीपुर स्थित घाट पर व्यवस्थाएं की गई हैं। नगर निगम की ओर से घाटों पर साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है। शुक्रवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ छठ घाट का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए थे। घाट पर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। घाट को आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट चार्ट
छठ पूजा के दौरान शहर के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया है। 15 नवंबर को दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक और 16 नवंबर को तड़के साढ़े तीन बजे से सुबह आठ बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान खन्नौत और गर्रा नदी के प्रमुख घाटों की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सीओ यातायात रणवीर सिंह ने बताया कि खन्नौत नदी के लोधीपुर घाट पर कार्यक्रम को देखते हुए रोडवेज बसों का संचालन हथौड़ा चौराहे से होगा। हथौड़ा चौराहा, गदियाना तिराहा और मछली मंडी तिराहे से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन्हें रिंग रोड से निकाला जाएगा। इस मार्ग पर सामान्य आवागमन के लिए एक लेन और दूसरी लेन छठ पूजा के श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित रहेगी। चार पहिया वाहनों की पार्किंग लोधीपुर पुल के आगे खाली मैदान में और दोपहिया वाहनों की पार्किंग हरीतिमा रेस्टोरेंट से आगे होगी।
रेलवे के मैदान में पार्किंग
गर्रा नदी के राजघाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों को रेलवे के मैदान में खड़ा कराया जाएगा। अजीजगंज सहज मार्ग तिराहे से राजघाट की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। राजघाट तिराहे से अजीजगंज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रोककर रेलवे के मैदान में खड़ा कराया जाएगा। श्रद्धालु अपने वाहन पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने खाली जगह पर खड़े कर सकेंगे।
वहीं, खन्नौत नदी स्थित हनुमत धाम के नए पुल से भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। विकास डेरी से ग्रीन वैली चौराहे को जोड़ने वाले पुल पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए भगवा होली वाले मैदान को निर्धारित किया गया है। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
