शाहजहांपुर। शारदीय नवरात्रों के चौथे दिन बृहस्पतिवार को देवी मां के कूष्मांडा स्वरूप की आराधना की गई। प्रतिदिन की तरह मंदिरों में श्रद्धालु देवी मां के दर्शन को पहुंचे। घरों में घट की स्थापना कर बोए गए जौ को सींचने के साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ, दुर्गा चालीसा और माता की आरती हुई।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां कूष्मांडा ने अपनी मंद मुस्कान से इस सृष्टि को रचा था। इससे पहले चारों तरफ अंधेरा ही व्याप्त था। मां कूष्मांडा का स्वरूप सूर्य के समान कांतिमान और बहुत ही तेजस्वी है। दुर्गा माता मंदिर के पुजारी अरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि मां कूष्मांडा की विधिवत और श्रद्धाभाव से पूजा करने वाले को आरोग्य, यश और बुद्धि का आशीर्वाद मिलता है। शुक्रवार को देवी मां के पंचम स्वरूप स्कंदमाता की पूजा की जाएगी। संवाद