Shahjahanpur: लूट-रंजिश के बीच उलझी शिवम की हत्या की गुत्थी, परिजनों ने बहनोई पर लगाया आरोप
फरीदपुर के गांव दलपुरा निवासी चालक शिवम गुप्ता (28) की गला घोंटकर और ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार को उसका शव शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में पड़ा मिला था। परिजनों ने शिवम के बहनोई पर हत्या का आरोप लगाया है।
विस्तार
शाहजहांपुर में कार चालक शिवम गुप्ता की हत्या की गुत्थी लूट और रंजिश में उलझ गई है। जांच में पता चला कि पहले उसका गला कपड़े से कसा गया। इसके बाद सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर शव फेंक दिया। ऐसे में बहनोई और उसके परिजन पर हत्या का आरोप पुलिस के गले नहीं उतर रहा। पुलिस का अनुमान है कि कार लूट की वजह से शिवम की हत्या की गई होगी।
बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे से कार लेकर निकले फरीदपुर के गांव दलपुरा निवासी चालक शिवम गुप्ता (28) की गला घोंटकर और ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार दोपहर उनका शव मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन के पीछे गन्ने के खेत के पास मिला थी। उसकी कार का पता नहीं चला। शिवम के भाई ने अपनी बहन के ससुराल वालों पर शक जताते हुए पांच लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
शिवम भैयादूज के दिन कार लेकर निकल गया था। उसने शाम को अपनी मां सुषमा गुप्ता को फोन कर बताया था कि वह सेटेलाइट बस अड्डे पर है। सवारी अधिक होने के चलते वह घर नहीं आएगा और बरेली में ही रुक जाएगा। अगले दिन सुबह सुषमा ने फोन लगाया तो स्विच ऑफ था। शुक्रवार को शिवम का शव मिलने के बाद भाई प्रशांत ने बहनोई अक्षय गुप्ता व परिवार के खिलाफ हत्या कर शव फेंकने की तहरीर दी। पुलिस दोनों की कॉल डिटेल निकलवा रही है।
पिछले वर्ष की थी बहन शिखा की शादी
शिवम ने अपनी बहन शिखा गुप्ता की शादी जुलाई 2022 में अक्षय गुप्ता के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराली दहेज मांग रहे थे। चार लाख रुपये और कार को लेकर मारपीट की गई। शिवम की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया था, लेकिन मामले का हल नहीं निकल सका तब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। छह महीने से शिखा मायके में रह रही है।
कार चलाकर परिवार पाल रहा था शिवम
परिवार का खर्च चलाने के लिए शिवम ने कार खरीदी थी। भाई प्रशांत ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी भाई के मोबाइल फोन पर दो दिन तक कॉल नहीं लगी थी। बाद में वह घर आ गया था। भैयादूज पर कॉल नहीं लगी तो व्यस्त होने की बात सोचकर उसकी तलाश नहीं की।
भाई शिवम की हत्या की सूचना के बाद मां सुषमा, बहन शिखा और भाई प्रशांत मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिजन बिलख पड़े। शिखा ने अपने पति व देवरों पर गंभीर आरोप लगाया। कहा कि देवर मुकुल ने उसे मारने के लिए तमंचा निकाल लिया था। उसने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई थी। भाई ने उसे न्याय दिलाने के लिए पैरवी की तो उसकी हत्या कर दी गई। शिखा ने रोते हुए कहा कि भाई के हत्यारों को फांसी की सजा कराकर ही दम लेंगे।
बहनोई ने शिवम को पीटा था, रहा था भर्ती
शिवम के परिजन अक्षय गुप्ता पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। कुछ माह पहले अक्षय ने सेटेलाइट बस अड्डे पर शिवम को काफी पीटा था। घायल होने पर आठ दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। इसके चलते दोनों में काफी अनबन थी। इतना ज्यादा मनमुटाव होने पर शिवम उससे कैसे और क्यों मिला, यह बात पुलिस के गले नहीं उतर रही। पुलिस का मानना है कि कार को लूटने के इरादे से पेशेवर लोगों ने उसकी हत्या की होगी।
रुपये नहीं ले गए बदमाश
पुलिस ने तलाशी ली तो पर्स में कुछ रुपये मिले। पुलिस ने आसपास तलाश किया तो खून लगी ईंट और कपड़ा भी बरामद हुआ। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। वहीं, अक्षय की तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना की गईं हैं। एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि तहरीर मिली है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।