कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर: खिलौनों की दुकानें लगा सकेंगे मुस्लिम समाज के लोग, प्रसाद बेचने पर हुआ था हंगामा
हनुमान मंदिर के बाहर मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा प्रसाद की दुकानें लगाने पर करणी सेना ने विरोध किया था। इसके बाद पुलिस ने दुकानें हटवा दी थीं। अब यह सहमति बनी है कि मुस्लिम समाज के लोग खिलौनों की दुकानें लगा सकते हैं।
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर में मंगलवार को सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेला लगता है। बीते मंगलवार को यहां मुस्लिम समुदाय के लोगों के प्रसाद की दुकानें लगाई थीं, जिस पर करणी सेना ने विरोध जताया था। इसके बाद तय किया गया कि दूसरे समुदाय के लोग प्रसाद छोड़कर खिलौनों आदि की दुकानें लगा सकते हैं। करणी सेना ने भी इस पर सहमति जताई है।
हर मंगलवार और शनिवार को कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां पर प्रसाद की कई दुकानें लगती हैं। मंगलवार को दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने प्रसाद की दुकानें लगा ली थीं। इसकी जानकारी होने पर करणी सेना के सदस्यों ने पहुंचकर हंगामा किया था। करणी सेना के ओमवीर सिंह ने इसकी शिकायत एसडीएम से की थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रसाद बेच रहे लोगों से बातचीत की।
यह भी पढ़ें- कुआं और बगिया का विवाह: पूरा गांव बना बराती, गाजे-बाजे के साथ निकाली बरात; जानें कहां हुई ये अनोखी शादी
उनसे कहा गया कि वे प्रसाद छोड़कर अन्य दुकानें मेले में लगा सकते हैं। इस पर सहमति बन गई। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अन्य समुदाय के द्वारा लगाई गई प्रसाद की दुकानों को हटवा दिया था। सीओ प्रयांक जैन ने बताया कि शांति व्यवस्था बरकरार है। आपसी बातचीत के आधार पर हल निकाल लिया गया है। अब किसी पक्ष को कोई दिक्कत नहीं है।