शाहजहांपुर। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार शाम रामपुर से लखनऊ जाते वक्त रोजा मंडी परिसर का निरीक्षण किया। बाद में उन्होंने मौजमपुर जाकर वहां के प्रगतिशील किसान दीपक सक्सेना के ताईवान-पिंक प्रजाति के अमरूद के नए बाग का भी निरीक्षण किया।
राज्यमंत्री ने मंडी परिसर के निरीक्षण में वहां की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। उन्हें सफाई व्यवस्था ठीक मिली, लेकिन मंडी सचिव प्रवीण अवस्थी को किसानों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। अमरूद के बाग के निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मंत्री को बताया कि बाग में इस वर्ष ड्रिप संयंत्र स्थापित किया जाना है। राज्यमंत्री ने जिले में ऐसे अन्य उद्यान भी विकसित करने के निर्देश दिए। बाद में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभाग से संचालित योजनाओं की प्रगति समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन से संचालित सभी योजनाओं से जनता को लाभान्वित करें। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह, मंडी उप निदेशक (निर्माण) गिरधारी लाल, मंडी उप निदेशक (प्रशासन) अशोक सोलंकी आदि अधिकारी मौजूद रहे।