Shahjahanpur News: समाधान दिवस में थाने आए युवक ने खाया जहर, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
शाहजहांपुर में शनिवार को समाधान दिवस में पहुंचे एक व्यक्ति ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
मोहल्ला बाबूजई निवासी रामभजन राठौर (35 वर्ष) का पत्नी ज्योति राठौर से विवाद चल रहा है। ज्योति अपनी ननद सुनीता राठौर निवासी मोहल्ला तारीन गाड़ीपुरा के घर आकर रहने लगी। सुनीता ने अपने भाई के खिलाफ पांच नवंबर को एसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा। आरोप लगाया कि उसका भाई रामभजन उसको फोन पर धमकाता है और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है। मामले की जांच थाना रामचंद्र मिशन के दरोगा राजेश कुमार को सौंपी गई।
टॉयलेट जाने पर बिगड़ी तबियत
शनिवार को समाधान दिवस में पुलिस ने रामभजन, उसकी बहन सुनीता और पत्नी ज्योति को पूछताछ के लिए थाने बुलवाया। थाने में एसडीएम सदर ज्ञानेंद्र नाथ बैठकर सुनवाई कर रहे थे। एसआई राजेश कुमार और कांस्टेबल रामभजन से पूछताछ कर रहे थे। तभी वह पेशाब जाने की बात कहकर शौचालय चला गया। लौटकर आने पर उसकी हालत बिगड़ने लगी।
पुलिस के पूछने पर रामभजन ने बताया कि उसने जहर खा लिया है। यह सुनकर पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। रामभजन को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। यहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि रामभजन के विरुद्ध उसकी बहन ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का प्रार्थना पत्र दिया था। इसकी जांच के लिए उसको थाने बुलाया गया था। इसी बीच उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था। राजकीय मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।