Shahjahanpur News: रोडवेज बस की टक्कर से कांवड़िये की मौत, आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर लगाया जाम
घटियाघाट से गंगाजल लेकर गोला जा रहे कांवड़ियों के जत्थे में शामिल एक युवक रोडवेज बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा दिया। हाईवे पर साढ़े तीन घंटे तक जाम लगा रहा।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले में खुटार-गोला मार्ग पर कठिना पुल पर बरेली डिपो की रोडवेज बस की टक्कर से कांवड़ यात्री की मौत हो गई। इससे गुस्साए साथियों ने पुल पर ट्रैक्टर ट्रॉली को तिरछा खड़ाकर और कांवड़ रखकर जाम लगा दिया। साढ़े तीन घंटे तक पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर गोला-खुटार के बीच जाम लगा रहा। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हादसे के बाद चालक बस दौड़ा ले गया। उसने लखीमपुर खीरी के संसारपुर चौकी के पास बस खड़ी कर दी। कुछ देर बाद कांवड़िये वहां पहुंच गए। उन्होंने बस में तोड़फोड़ कर दी। रोडवेज बस को मैलानी थाना क्षेत्र की चौकी संसारपुर में खड़ा करा लिया गया है। चालक हिरासत में लिया गया है। जिस बस से हादसा हुआ है, वह बरेली डिपो की बताई गई है।
घटियाघाट से लौट रहे थे कांवड़िये
खुटार के गांव चमराबोझी से कांवड़िये पांच अगस्त को घटियाघाट गए थे। बुधवार सुबह कांवड़ लेकर गोला जाते समय गांव के लोगों ने खुटार-पुवायां मार्ग पर कांवड़ यात्रियों का स्वागत कर आगे को रवाना किया था। खुटार से चार किमी आगे गोला मार्ग के कठिना पुल के पास पूर्वाह्न 11 बजे बरेली से लखीमपुर जा रही रोडवेज बस की टक्कर लग जाने से कांवड़ यात्रा में शामिल बालकराम के 30 वर्षीय पुत्र सर्वेश कुमार की मौत हो गई।
चालक बस सहित भाग निकला। साथी की मौत से आक्रोशित कांवड़ यात्रियों ने अपने ट्रैक्टर ट्रॉली को पुल पर तिरछा खड़ा कर दिया। कांवड़ों को पुल पर रखकर चक्का जाम कर दिया। शव को भी हाईवे पर रख दिया गया। जानकारी पाकर गांव से तमाम महिलाएं और पुरुष डंडे आदि लेकर मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया गया। कांवड़ यात्री मांग करने लगे कि रोडवेज बस और चालक को उनके सामने लाया जाए।
जानकारी पाकर एसडीएम संजय पांडे, सीओ पंकज पंत, नायब तहसीलदार सहित कई थानों की फोर्स को मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बाद भी सर्वेश के परिजनों और कांवड़ियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया। एसडीएम, सीओ के समझाने पर दोपहर लगभग दो बजे पुलिस ने शव को मौके से हटवाकर सीएचसी और वहां से पोस्टमार्टम को भिजवाया।
ढाई बजे शुरू हो सका यातायात
एसडीएम ने कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत भी मदद दिलाने का आश्वासन दिया। करीब ढाई बजे यातायात सुचारू हो सका। सर्वेश की मौत से पिता बालकराम, मां विद्यावती, पत्नी आरती देवी, पुत्र काव्य, पुत्री अंजली और नंदनी का रो-रोकर बुरा हाल था। सीओ पंकज पंत ने बताया कि बस को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर चार किमी लंबा लगा जाम
सर्वेश का शव हाईवे पर रखकर जाम लगाने से कुछ ही देर वाहनों की लाइन लग गई। पुल के पश्चिमी छोर पर शाहजहांपुर और पूर्वी छोर से लखीमपुर की सीमा शुरू होती है। जाम की सूचना पर मैलानी के थाना प्रभारी राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और मैलानी, भीरा, पलिया जाने वाले वाहनों को गांव सुआबोझ के रास्ते से निकाला। चार किमी लंबे जाम में फंसने से वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।