UP: गोकशी में फंसाने की धमकी देकर मांगी रंगदारी, राष्ट्रीय गोरक्षक संघ के नगर अध्यक्ष समेत 14 लोगों पर रिपोर्ट
मीरानपुर कटरा में राष्ट्रीय गोरक्षक संघ के नगर अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगे हैं। कंटेनर चालक ने नगर अध्यक्ष समेत 14 लोगों के खिलाफ रंगदारी मामले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में कंटेनर चालक ने राष्ट्रीय गोरक्षक संघ के नगर अध्यक्ष समेत 14 लोगों पर गोकशी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, नगर अध्यक्ष ने भी चालक के खिलाफ पशु क्रूरता की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुरादाबाद जिले के मूढ़ापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा खेड़ा निवासी मोहम्मद दानिश ने बताया कि वह 28 मार्च की रात कंटेनर में भैंसों को लेकर खलीलाबाद के बाजार में बेचने जा रहा था। उसके साथ हेल्पर नदीम भी था।
हुलासनगरा ओवरब्रिज से निकलते ही कार और बाइकों पर सवार लोगों ने कंटेनर का पीछा करना शुरू कर दिया। मीरानपुर कटरा में तालाब के सामने उसने कंटेनर रुकवा लिया। सभी के पास डंडे और असलहे थे। आरोपियों ने कहा कि वह कंटेनर में गोवंशीय पशुओं को ले जा रहा है। उसने कंटेनर में सिर्फ भैंसों के होने की बात कही तो आरोपियों ने कहा कि अगर रोड पर चलना है तो हफ्ता देना होगा।
10 हजार रुपये दिए तो 20 मांगने लगे
भयभीत होकर उसने दस हजार रुपये दे दिए तो वे लोग 20 हजार रुपये और मांगने लगे, नहीं तो गोकशी का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने लगे। इस बीच मोहल्ले के कुछ लोगों के आने पर वह भागकर थाने आ गया। दानिश की तहरीर पर पुलिस ने राष्ट्रीय गोरक्षक संघ के नगर अध्यक्ष कृष्णा गंगवार, विनोद राठौर, हेमराज व कृष्णा के भाई सहित अन्य 10 अज्ञात के विरुद्ध रंगदारी वसूलने की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
वहीं, पुलिस ने कृष्णा गंगवार की तहरीर पर कंटेनर चालक मोहम्मद दानिश के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। कंटेनर कब्जे में लेकर 22 भैंसों को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव त्यागी ने बताया कि चालक को नोटिस तामील करा दिया गया है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
एसपी से मिलकर पक्ष रखेंगे पदाधिकारी
राष्ट्रीय गोरक्षक संघ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पं. अजीत शर्मा और नगर अध्यक्ष कृष्णा गंगवार ने कहा कि उन्हें गोवंशीय पशुओं से भरे कंटेनर के फरीदपुर टोल प्लाजा से गुजरने की सूचना मिली थी। संघ की टीम ने फरीदपुर थाना क्षेत्र में कंटेनर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कटरा पहुंचकर अपने अन्य साथियों को बुलाकर विवाद कर दिया। हमने पुलिस को सूचना देकर चालक के विरुद्ध पशु क्रूरता की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसी वजह से कंटेनर चालक ने रंगदारी मांगने का झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में एसपी से मिलकर अपना पक्ष रखा जाएगा।