Shahjahanpur News: अपहरण के बाद आठ साल के बालक की हत्या, वारदात के पीछे तंत्र-मंत्र की आशंका
शाहजहांपुर जिले में अपहरण और हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई है। कांट क्षेत्र में अपहरण के बाद आठ साल के बालक की हत्या कर दी गई। रविवार को उसका शव खेत में पड़ा मिला।
विस्तार
शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के गांव मीरवैश्यपुर निवासी नन्हे के आठ वर्षीय बेटे उत्तम सिंह की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव रविवार शाम करीब चार बजे नन्हे सिंह के गेहूं के खेत में पड़ा मिला। मरघट के पास ही उसकी चप्पल पड़ी मिलीं। शरीर पर सुई चुभोए जाने के निशान मिले हैं। एसपी एस. आनंद ने प्रथमदृष्टया जांच के बाद तंत्र-मंत्र को लेकर बच्चे की हत्या की आशंका जताई है।
खेतीबाड़ी करने वाले नन्हे सिंह का बेटा उत्तम रानी देवी पब्लिक स्कूल में कक्षा एक का छात्र था। नन्हे के बड़े भाई उदयभान की जलालाबाद में ब्याही बेटी के परिवार में किसी की मृत्यु हो गई थी। इसके चलते नन्हे, उनके भाई उदयभान, छोटे सिंह और रईस जलालाबाद गए थे। इस बीच करीब दस बजे उत्तम घर से लापता हो गया। शाम करीब चार बजे परिजन लौटे तो उत्तम को घर में न पाकर तलाश शुरू की। देर रात तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।
मासूम को ले गए थे दो लोग
रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे उदयभान के बेटे प्रशांत के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को खुटरिया गांव का बताया। कहा, उनके चचेरे भाई उत्तम को उसने दो लोगों के साथ जाते देखा था। उनका नाम नहीं बताएंगे। अनहोनी की आशंका के चलते रविवार को नन्हे सिंह ने थाने में तहरीर दी। शाम करीब चार बजे गांव के पश्चिम में खुटरिया गांव की ओर जाने वाली रोड पर दक्षिण की ओर कच्ची सड़क पर स्थित नन्हे सिंह के खेत में उत्तम सिंह का शव पड़ा मिला।
मरघट के पास पड़ी मिलीं चप्पलें
उसकी शर्ट ऊपर की ओर थी। पेट और सीने पर सुई चुभोने के निशान मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली। इसके बाद गंगा पट्टी उर्फ चढ़रिया में मंदिर और मरघट के पास बच्चे की चप्पल पड़ी मिलीं। घटना के बाद एसपी एस. आनंद और सीओ सदर अमित चौरसिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी नमूने लिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि बालक के पेट में सुइयां चुभी होने और मरघट व मंदिर के पास चप्पलें मिलने से तंत्र-मंत्र के चलते हत्या की आशंका है। एसओजी व थाना पुलिस को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है।