फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   TSI organically and inspector suspended in Shahjahanpur

शाहजहांपुर के बवाल में टीएसआई और इंस्पेक्टर निलंबित

Thu, 01 Dec 2016 12:50 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर Updated Thu, 01 Dec 2016 12:50 AM IST
विज्ञापन
TSI organically and inspector suspended in Shahjahanpur
शाहजहांपुर बाजार में तैनात पु‌ल‌िस
मंगलवार रात पुलिस लाइंस गेट के पास मस्जिद का खंभा और छज्जा अनुबंधित रोडवेज बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त होने के बाद हुए बवाल के मामले में डीआईजी ने टीएसआई आलोक मिश्रा के साथ ही सदर बाजार इंस्पेक्टर हरीश राजपूत को निलंबित कर दिया है। वहीं बस चलाते हुए छज्जे में टक्कर मारने के आरोपी होमगार्ड करनैल सिंह को रोजा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही बलवे के आरोपी छह लोगों को भी बुधवार को जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन

बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुए हिस्से को रात में ही अफसरों ने मिस्त्री बुलाकर दुरुस्त करा दिया। मस्जिद कमेटी की तहरीर पर सदर बाजार थाने में बुधवार सुबह मस्जिद को बस की टक्कर से पहुंची क्षति के मामले में होमगार्ड करनैल सिंह व अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 और 427 में केस दर्ज किया। दूसरी तरफ बस फूंकने व पथराव के आरोप में इंस्पेक्टर हरीश राजपूत की ओर से केस दर्ज किया गया। इसमें बलवा की धाराओं के साथ ही सात क्रिमनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट और 2/3 लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धाराएं लगाई गईं, 32 नामजद करते हुए दो सौ अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया। इनमें से मुन्नन, नोमान, राशिद, यासीन, आफताब और फराज को गिरफ्तार किया गया। विवेचना चौक कोतवाली प्रभारी इंस्पेेक्टर केके चौधरी करेंगे। जेल गए होमगार्ड की जमानत अर्जी पर बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी। इंस्पेक्टर हरीश राजपूत को डीआईजी आशुतोष कुमार ने दायित्वों का निर्वहन न करने के आरोप में निलंबित किया है, जबकि टीएसआई पर यह कार्रवाई लापरवाही के आरोप में की गई है। जांच में पाया गया कि टीएसआई ने चालान करने के बाद अनुबंधित बस को होमगार्ड करनैल सिंह से पुलिस लाइंस ले जाने को कह दिया, उसने पहले बोलेरो को टक्कर मारी और आगे जाकर मस्जिद के खंभे और छज्जे को टक्कर मार दी। हंगामा होने पर होमगार्ड बस वहीं छोड़कर भाग निकला था। 
विज्ञापन

हालात सामान्य, मगर चौकसी भी पूरी
सुबह से मस्जिद के सामने एसडीएम तिलहर पद्म सिंह, सीओ पुवायां अरुण कुमार फोर्स के साथ चौकसी पर तैनात रहे। घटना के बाद बुधवार सुबह से हालात तेजी से सामान्य हुए लेकिन ऐहतियातन रोडवेज, टाउनहाल रेलवे ओवरब्रिज मोड़, रेलवे स्टेशन, मिशन तिराहा और घंटाघर समेत 20 संवेदनशील प्वाइंट पर अधिकारियों के साथ फोर्स तैनात है।
विज्ञापन
विज्ञापन

 पीएसी, क्यूआरटी और दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस मोबाइल पुलिस टीमों की गश्त भी जारी रखी गई है। रात करीब आठ बजे हालात के सामान्य रहने पर पीलीभीत और बरेली से आई 10 पुलिस टीमें और एक कंपनी पीएसी की वापसी करा दी गई। बीती रात बरेली और पीलीभीत से पुलिस बल लेकर पहुंचे डीआईजी आशुतोष कुमार घटनास्थल पर रात भर एसपी, एसपी सिटी अष्टभुजा प्रसाद सिंह, सीओ सिटी अवनीश्वर प्रसाद और अन्य अधिकारियों के साथ बने रहे। घटनास्थल पर पूरी तरह शांति बहाली सुनिश्चित करने एवं वीडियो फुटेज के आधार पर बलवाइयों को चिन्हित करने के बाद तड़के करीब तीन बजे धरपकड़ की कार्रवाई शुरू की गई। कुछ को ऐहतियातन पूछताछ के लिए भी पुलिस ने रोका है और घटना में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
अप्रशिक्षित होमगार्ड को थमा दी थी बस
रोडवेज और पुलिस लाइंस को जाने वाले संकरे मार्ग के मोड़ पर मंगलवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे टीएसआई ने अपनी टीम के साथ कृष्णा बस सर्विस की शाहजहांपुर रोडवेज डिपो से अनुबंधित बस को चेकिंग के लिए रोका। उस बस का चालान कर दिया और क्रेन होने के बावजूद जब्त बस को पुलिस लाइन में पार्क करने के लिए ले जाने की जिम्मेदारी अपने साथ के होमगार्ड करनैल सिंह को दे दी। वह अप्रशिक्षित था और उसने बस को मोड़ से पुलिस लाइंस में ले जाने को दौरान किनारे खड़ी एक बोलेरो को भी टक्कर मारी और आगे जाकर मस्जिद के खंभे और छज्जे को टक्कर मार दी। मस्जिद में मौजूद और आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो होमगार्ड बस वहीं छोड़कर भाग निकला। देर रात पूरे मामले की जानकारी के बाद एसपी ने तत्काल टीएसआई और होमगार्ड पर कार्रवाई का फैसला लिया। एसपी ने कहा कि तमाम संसाधन मौजूद होने के बाद भी टीएसआई द्वारा हेवी व्हीकल अप्रशिक्षित होमगार्ड के हवाले करना घोर लापरवाही रही।
घटना के बाद पूरे शहर में हालात सामान्य है। बस को फूंके जाने के बाद रोडवेज और आसपास नाराज भीड़ की आड़ में जिस तरह कुछ शरारती तत्वों ने बलवे की स्थिति बनाई, वह गंभीर मामला है। वैसे लोगों को चिन्हित कर संपूर्ण विधिक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वीडियो फुटेज के आधार पर बलवाइयों को चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। किसी भी दोषी को नहीं बख्शा जाएगा। -राम गणेश, डीएम
बीती रात हुए बलवे की हर पहलू से जांच की जा रही है। पूरे मामले में चाहे पुलिस की ओर से या उपद्रवियों के ओर से जो दोषी मिलेगा, उस पर कार्रवाई होगी। वीडियो फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, इसमें मौजूद दोषियों पर भी सुसंगत कार्रवाई की जाएगी। - केबी सिंह, एसपी
सियासी गुटबाजी और नशे में भड़का मामला
पुलिस लाइंस के सामने मस्जिद के खंभे और छज्जे से बस की टक्कर लगने के बाद नाराज भीड़ के उग्र होने में सियासी होड़ की अहम भूमिका बताई जा रही है। हालांकि माहौल भीड़ में शामिल कुछ नशेबाजों के चक्कर में पत्थरबाजी और आगजनी हुई। बताते हैं कि लोगों की नाराजगी की सूचना पाकर मोहल्ला दिलाजाक में बैठक कर रहे बसपा के नगर विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी हाजी मो. असलम खां समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उनके समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इतने में सपा जिलाध्यक्ष और नगरपालिका चेयरमैन तनवीर खां भी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद क्षतिग्रस्त मस्जिद के हिस्से को बनवाए जाने का भरोसा देकर लोगों का समझाना शुरू किया। लेकिन दो सियासी नेताओं के चलते भीड़ गुटों में बट गई। इसी में कुछ अराजक तत्वों ने मौके का फायदा उठाया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। बस में आग लगा दी। एसपी सिटी माइक से भीड़ को पीछे जाने और पुलिस को अपना काम करने देने की बात कह रहे थे कि तभी नशे में धुत कुछ लोगों ने धार्मिक नारे लगाते हुए भीड़ को उकसाना शुरू किया। उसी क्रम में अचानक कुछ लोग दौड़े तो भगदड़ मची और पलक झपकते ही पथराव शुरू होते ही हालात बेकाबू हो चला। पुलिस ने काफी सब्र से काम लिया अन्यथा मामला और बिगड़ सकता था। घटनास्थल के शुरू से आखिर तक के पुलिस द्वारा जुटाए गए वीडियो फुटेज में ये तथ्य सामने आए हैं लेकिन अभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहा। 
बीती रात उपद्रव शुरू होते ही रोडवेज की सभी दुकानें बंद हो गई थीं लेकिन बुधवार सुबह हालात सामान्य दिखते ही सारे दुकान खुल गए। ऐहतियातन रोडवेज रेलवे फाटक मोड़ वाले मार्ग की दुकानें बंद रखी गई थीं और वहां पुलिस तैनात रही।
यात्रियों से अभद्रता, चार बसें क्षतिग्रस्त 
आगजनी और पुलिस पथराव के बाद खदेड़े गए शरारती तत्व संकरी गलियों से होकर भाग निकले। इसी क्रम में दूसरे स्थानों पर जाम में खड़े वाहनों में लूटपाट की कोशिश की। रोडवेज स्टेशन के पास जाम में खड़ी बसों में घुसकर यात्रियों से बदतमीजी की। बवाल में चार बसें क्षतिग्रस्त हुईं, जिनमें तीन बसें राज्य परिवहन निगम और एक अन्य अनुबंधित श्रेणी की है। परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम बहादुर यादव ने बताया कि पथराव से चारों बसों में विंड स्क्रीन समेत खिड़कियों के शीशे टूटने संबंधी तहरीर सदर बाजार थाने को दी गई है। खदेड़े जाने पर रोडवेज रेलवे फाटक पार जाकर खड़े कुछ उपद्रवियों द्वारा ट्रेन पर पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस ने फाटक  पार जाकर बलवाइयों को खदेड़ा था। रोडवेज से टाउनहाल रेलवे ओवरब्रिज को जाने वाले मार्ग पर स्थित देना बैंक वाले भवन पर भी उपद्रवियों ने पत्थर फेंके थे। 

शहर का माहौल नहीं बिगड़ने दूंगा : तनवीर
शाहजहांपुर। बीती रात हुई घटना को लेकर नगरपालिका चेयरमैन तनवीर खां ने कहा कि वह शहर का माहौल किसी कीमत पर बिगड़ने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि भीड़ में मौजूद कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की लेकिन पुलिस और प्रशासन की तत्परता से हालात पर काबू पा लिया गया। शरारती तत्वों को चिह्नित कर उन पर समुचित कार्रवाई कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed