फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   Puwayan four houses of 11 million robbery

पुवायां के चार घरों में 11 लाख का डाका

Tue, 18 Aug 2015 12:15 AM IST
पुवायां।
पुवायां। Updated Tue, 18 Aug 2015 12:15 AM IST
विज्ञापन
Puwayan four houses of 11 million robbery
पुवायां के गांव घनश्यामपुर बुजुर्ग में बदमाशों ने चार घरों में धावा बोलकर परिवार के लोगों को बांधकर डालने के बाद लगभग 11 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। सूचना पाकर पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। डकैती की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

डकैत सबसे पहले पुवायां की राधा बिहार कॉलोनी निवासी अनिल सक्सेना के घर की दीवार पर चढ़े, लेकिन यहां जाग हो जाने पर अनिल की पत्नी आशा देवी ने शोर मचाया तो बदमाश भाग निकले। इसके बाद डकैत पड़ोस के गांव घनश्यामपुर बुजुर्ग पहुंचे और कांवड़ यात्रा पर गए संजीव उर्फ पप्पू के घर जा घुसे। बदमाशों ने संजीव की पत्नी रोली, पुत्री काजल, पुत्र बादल और 15 वर्षीय भाई छोटू को बांधकर डाल दिया। बदमाशों ने दो घंटे तक घर में रहकर जमकर लूटपाट की। डकैत यहां से ढाई लाख रुपए की नगदी, सोने का सीतारामी हार, झुमकी, झाले, दो अंगूठी, दो लर, कुंडल और एक किलो चांदी के जेवर लूट ले गए। संजीव के यहां से सात लाख रुपये की संपत्ति लूट ली गई।
विज्ञापन

इसके बाद डकैत गांव के ही शिवाधार तिवारी के घर के बाहर रखी सीढ़ी लगाकर घुस गए। शिवाधार भी कांवड़ लेने गए हैं। डकैतों ने घर पर मौजूद उनकी पत्नी बबली, पुत्र प्रशांत अनुभव और पुत्री रूपांशी को बांधकर डाल दिया। डकैत यहां से 10 हजार की नगदी, सोने के कुंडल, झुमकी, पायल, अंगूठी सहित 50 हजार की संपत्ति लूटने में सफल रहे। इसके बाद डकैतों ने शिवाधार के भाई रामाधार तिवारी की पत्नी संध्या, पुत्र रोहित, राहुल को बांधकर डाल दिया और यहां से 35 हजार की नगदी, सोने की दो लर, पांच अंगूठी, मांगबेंदा सहित डेढ़ लाख की संपत्ति और शिवाधार के तीसरे भाई शिवओम उसकी पत्नी अंजू को बंधक बनाकर सवा लाख की नगदी और जेवर सहित दो लाख की संपत्ति लूट ली। शिवओम के विरोध करने पर डकैत उसे जमीन पर घसीटते हुए मकान के बाहर ले गए, जिससे वह घायल हो गया। इस बीच लोग जागे तो डकैत फायरिंग करते हुए भाग निकले। इसके बाद डकैतों ने पुवायां की गीता बिहार कालोनी के कार्यालय में चौकीदार प्रदीप कुमार को बंाधकर डाल दिया, लेकिन यहां से कुछ भी नहीं ले जा सके। सुबह लोगों ने चौकीदार को बंधनमुक्त किया। पुलिस ने संजीव उर्फ पप्पू की ओर से गांव चौढ़ेरा के रामदास उसके भाई ठाकुर, गांव कैमहरा के ब्रजपाल और उसके पुत्र मनोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


यात्रा अधूरी छोड़कर लौटे
पुवायां। संजीव और शिवाधार तिवारी को घर में डकैती की जानकारी हुई तो दोनों लोग कांवड़ यात्रा बीच में ही छोड़कर घर लौट आए। सोमवार सुबह घर पहुंचे कांवड़ यात्रियों ने बताया कि वह लोग रविवार को कांवड़ यात्रा पर गए थे। शाम को फर्रूखाबाद पहुंचे थे। सोमवार सुबह जल लेकर आगे जाने का कार्यक्रम था, लेकिन रात में डकैती की जानकारी मिली। इस कारण वापस लौटना पड़ा।

बच्चों की कनपटी पर रखा तमंचा तो दे दी चाबी
पुवायां। गांव घनश्यामपुर बुजुर्ग निवासी शिवाधार की पत्नी बबली ने बताया कि बदमाशों ने मकान में घुसने के बाद सभी को बंधक बना लिया। इसके बाद बच्चों की कनपटी पर तमंचा रखकर चाबी नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी तो उसने तुरंत चाबी दे दी। इसके बाद बदमाशों ने कमरे का ताला खोलकर आराम से लूटपाट की।

...और कुत्ते ने लुटने से बचाया आशा का परिवार
पुवायां। नगर के मोहल्ला कसभरा तकिया में राधा बिहार कालोनी निवासी आशा सक्सेना ने बताया उनके पति अनिल सक्सेना हल्द्वानी में प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। रविवार की रात वह अपनी पुत्री जूही, पुत्र शिवम् और रजत के साथ घर के आंगन में सो रही थीं। लगभग साढ़े 11 बजे अचानक उनका पालतू कुत्ता जोर से भौंकने लगा। उनकी आंख खुली तो देखा गेट के ऊपर दीवार पर एक बदमाश बैठा है। उन्होंने शोर मचाना शुरू किया तो वह फांदकर भाग निकला, जिससे उनका परिवार लुटने से बच गया।

जागते रहो! क्योंकि सो रही है पुवायां की पुलिस?
पुवायां। क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरी की वारदातों के बाद एक ही रात में कई घरों में लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। कारण है कि तमाम वारदातें होने और उनकी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। हालात इस कदर है कि खुद जागते रहो! क्योंकि पुवायां की पुलिस सो रही है।

गौरतलब है कि कोतवाली में इस समय आधा दर्जन एसआई, एचसीपी और सात सिपाहियों की ही तैनाती है। कम पुलिसकर्मी होने की वजह से दिन में ड्यूटी के बाद रात में गश्त करना काफी मुश्किल हो रहा है। चोर और बदमाश इसी का फायदा उठाकर जनता को लूट रहे है और पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज करने के अलावा कोई चारा नहीं बचता है। ऐसा भी नहीं किया पुवायां में ही कम पुलिसकर्मियों की तैनाती हो जबकि सर्किल के हर थाने में यही स्थिति है। पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर चुपचाप बैठना ही बदमाशों को अन्य घटनाएं करने के लिए दावत देना है। ऐसे में जनता के पास लुटने के अलावा कोई विकल्प नहीं दिख रहा है। हाल ही में नगर के अलावा देहात में हुई चोरी की घटनाएं इस बात को बल दे रही है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उनके खुलासे के लिए कोई प्रयास नहीं किए।

एक माह में हुईं चोरी की प्रमुख घटनाएं
0 गांव बेला छेदा में पिंकू मिश्रा के घर से 30 हजार की नगदी और जेवर चोरी।
0 नगर के राजा मार्केट में अमित पीको सेंटर से कढ़ाई और सिलाई मशीनें चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं।
0 नगर के मोहल्ला परशुरामनगर में डॉ. देशराज रमानी के घर से 35 हजार की नगदी और लैपटॉप चोरी, रिपोर्ट दर्ज।
0 गांव बढ़ौरा में मौलाना शेर मोहम्मद के घर से साढ़े छह तोला सोना और 45 सौ की नगदी चोरी की रिपोर्ट दर्ज।
0 नगर के मोहल्ला कसभरा निवासी प्रभूदयाल के मकान से नगदी, जेवर सहित पांच लाख का माल चोरी की रिपोर्ट दर्ज।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed