Shahjahanpur: रिपोर्ट दर्ज होने पर भड़के भाजपा नेता, कोतवाली के सामने विरोध प्रदर्शन, कॉलोनाइजर पर FIR की मांग
शाहजहांपुर के वृंदावन गार्डन में क्लब को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। कॉलोनी के सुपरवाइजर ने भाजपा नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसका भाजपा नेता ने विरोध किया। वह शुक्रवार सुबह अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए।
विस्तार
शाहजहांपुर के वृंदावन गार्डन में क्लब को लेकर हुए विवाद के बाद बृहस्पतिवार देर रात भाजपा नेता व उद्योगपति विनय अग्रवाल के खिलाफ चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। रिपोर्ट दर्ज होने से नाराज भाजपा नेता शुक्रवार सुबह कोतवाली गेट पर समर्थकों संग धरने पर बैठ गए। पुलिस ने करीब एक घंटे के बाद उन्हें आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
चौक कोतवाली की वृंदावन गार्डन में बृहस्पतिवार को क्लब में ताला डाले जाने को लेकर कॉलोनाइजर और कॉलोनी के लोगों में ठन गई थी। पुलिस के हस्तक्षेप करने पर मामला शांत हुआ। देर रात वृंदावन गार्डन के सुपरवाइजर शिब्बू रस्तोगी ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसमें आरोप लगाया कि विनय अग्रवाल तमंचा लेकर अपने पांच अन्य साथियों के साथ ऑफिस में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगने से एक घायल
जान से मारने की धमकी देते हुए जरूरी कागज भी फाड़ दिए। जानकारी में आने पर सुबह विनय अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ चौक कोतवाली के गेट पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने कॉलोनाइजर पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने मौके पर पहुंचकर उन्हें शांत किया और कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
बृहस्पतिवार को स्थानीय लोग कॉलोनी में बने भवन में योग करने गए थे। आरोप है कि यहां मौजूद कर्मचारियों ने अंदर आने पर आपत्ति जताई। कुछ देर बाद कॉलोनाइजर आ गए। उनका कहना था कि यह भवन क्लब नहीं है। इसके लिए निर्माण के समय उपभोग तथा रखरखाव के लिए धनराशि जमा करने के लिए कॉलोनीवासियों से कहा गया था, पर किसी ने भी जमा नहीं कराई।
वहीं, कॉलोनी के लोगों का कहना था कि नक्शे में क्लब दर्शाया गया था और उन्हीं के उपयोग के लिए क्लब बनाए जाने का आश्वासन दिया गया था। जब क्लब का निर्माण हो गया है तो कॉलोनाइजर इसे बेचने की योजना बना रहे हैं। इसे लेकर दोनों पक्षों में जमकर बहसबाजी हुई। सूचना पर इंस्पेक्टर चौक कोतवाली अश्विनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए।