Shahjahanpur: राहत किट वितरण में धांधली का आरोप, बाढ़ प्रभावित परिवारों की महिलाओं ने हाईवे पर लगाया जाम
शाहजहांपुर के जलालाबाद में बाढ़ प्रभावित परिवारों की महिलाओं ने शुक्रवार दोपहर हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा किया। उन्होंने राहत किट वितरण में धांधली करने का आरोप लगाया।
विस्तार
शाहजहांपुर के जलालाबाद में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए शासन से भेजी गई राहत किट वितरण में धांधली किए जाने का आरोप लगाकर किसान यूनियन की नेता मालती कश्यप के नेतृत्व में महिलाओं ने शुक्रवार दोपहर नगर के मुख्य चौराहे पर जाम लगा दिया। दोपहर 12 बजे बरेली-फर्रुखाबाद हाइवे पर करीब बीस मिनट से ज्यादा समय तक हाइवे जाम रहा। उसमें फंसे वाहन चालकों समेत अन्य लोग भीषण गर्मी में परेशान हो गए।
सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की। महिलाएं एसडीएम को मौके पर बुलाने पर अड़ी थीं। पुलिस के समझाने व समस्या का समाधान कराने के आश्वासन पर महिलाएं प्रशासन व प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करती हुई कोतवाली पहुंची। यहां प्रभारी तहसीलदार अनुराग दुबे से राहत किट वितरण में भारी धांधली होने को लेकर मालती कश्यप की तीखी नोकझोंक हुई। महिलाओं ने ग्राम प्रधान के चहेतों को किट दिए जाने का आरोप लगाया। इस बीच गांव में पुनः राजस्व टीम को भेजकर सर्वे कराने का आश्वासन दिया गया।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली में बांग्लादेशी महिला ने फर्जीवाड़ा कर बनवाए पासपोर्ट, विदेश यात्रा की; दो बहनों के साथ गिरफ्तार
ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार को मंडी समिति में खंडहर गांव के मंझरा रघुनाथपुर के 150 लोगों को राहत किट वितरित की गई थी। महिलाओं के अनुसार, उन लोगों में से किसी को किट नहीं दी गई। प्रभारी तहसीलदार ने बताया कि राजस्व टीम से कराए सर्वे के अनुसार बाढ़ से प्रभावित विभिन्न गांवों के पांच सौ लोगों को चिह्नित किया गया था। उसी के अनुसार किट वितरित की गई। खंडहर गांव में पुनः सर्वे कराकर पात्रों को किट दी जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.