शाहजहांपुर। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का गांधी जयंती पर जनपद आगमन प्रस्तावित है। शासन से सूचना मिलने के बाद प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियां में जुट गया है। डीएम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर अभी तक की गईं तैयारियों की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए। रोजा स्थित रिलायंस तापीय परियोजना स्थल जाकर हेलिपैड का निरीक्षण किया।
समीक्षा बैठक के दौरान डीएम उमेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे राज्यपाल के संभावित कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूरी कर लें। मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सा टीमों की तैनाती के साथ एंबुलेंस व अन्य आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। इस क्रम में लोक निर्माण विभाग, विद्युत सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा आदि विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि बनतारा स्थित राजकीय वृद्धाश्रम में सभी व्यवस्थाएं जल्द ठीक कराए।
बाद में डीएम ने अन्य अधिकारियों के साथ रिलायंस ताप बिजलीघर परिसर में बने हेलिपैड का निरीक्षण किया। उन्होने बनतारा स्थित विनोबा सेवा आश्रम और छीतेपुर गांव स्थित जेपी सेवा ट्रस्ट में निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक एस आनंद, मुख्य विकास अधिकारी श्याम बहादुर सिंह, एडीएम फाइनेंस त्रिभुवन आदि अधिकारी मौजूद रहे।