कड़ाके की ठंड से ठिठुरे लोग, सड़कों पर सन्नाटा
संतकबीरनगर। शुक्रवार की सुबह से ही कड़ाके की ठंड के बीच कोहरा छाया रहा। ठंड से लोग अलाव सेंकते नजर आए। सड़कों पर भी लोग कम ही दिखे।
चार दिन से लगातार कोहरे के साथ गलन बढ़ गई है। शुक्रवार को गलन कुछ ज्यादा ही थी। हल्की हवा चलने से लोग घरों में दुबक गए। बाजारों में भी लोग कम दिखे। लोग अलाव का सहारा लेते रहे। बखिरा प्रतिनिधि के अनुसार सुबह से शाम तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। ऐसे में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव व हीटर का प्रयोग कर रहे हैं। रमेश कुमार, शिवदयाल, पप्पू, संजय, जीतन, कमला देवी, सुमन, मालती ने कहा कि चार दिनों से मौसम एकाएक काफी ठंड हो गया है। तापमान काफी नीचे आ गया। दुकानदार ओमप्रकाश, जुगानी, संतोष वर्मा, रामदुलारे, जय जगत, अमरनाथ ने कहा कि इस साल अधिक ठंडक पड़ने की उम्मीद में उन लोगों ने गर्म कपड़ों का अधिक भंडार कर लिया था, लेकिन ठंड कम पड़ने से बिक्री प्रभावित हो रही थी। इधर चार दिनों से ठंड का असर बढ़ जाने से गर्म कपड़ों के खरीदार आने लगे हैं। उम्मीद है कि अब उनका ऊनी कपड़ों का स्टाक बिक जाएगा।