संतकबीरनगर। जनपद में होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार को होली मनाने के लिए चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों में युवकों के झुंड इकट्ठा नजर आए। युवा एक-दूसरे से अबीर-गुलाल के साथ खेल रहे थे तो बच्चे पिचकारी से रंग फेंक रहे थे। बच्चे गुब्बारों में रंग भरकर हर आने-जाने वाले के ऊपर फेंक रहे थे। बुजुर्ग फगुआ गीत गाने और अन्य सास्कृतिक आयोजनों में व्यस्त थे। किचन का काम खत्म करने के बाद दोपहर से महिलाओं ने भी घर में होली खेली।
डीएम आवास, गोला बाजार, मेंहदावल चौराहा, बरदहिया बाजार, तितौवा, विधियानी, मालीटोला, बगहिया में लोगों ने जमकर होली खेली। गोला बाजार की मुख्य सड़क पर युवाओं ने राहगीरों के ऊपर रंग फेंका। शास्त्रीनगर में अबीर व रंगों की बौछार के बीच राहगीरों के लिए मोहल्ला पार करना मुश्किल हो गया था। अबीर-गुलाल और रंगों की बौछार दोपहर तीन बजे तक चली। बभनी चौराहे पर युवाओं का समूह डीजे के गानों पर नृत्य करते हुए नजर आया। बेलहर कलां, बेलहर बाजार, भिटवा, बभनी बाजार में युवाओं की टोली फाग गीत गाते हुए घर-घर जाकर मंगलकामना करते हुए देखी गई।