Sambhal: बहुत देर लाइन में लगने पर भी नहीं मिली दवाई तो अस्पताल में लगा दी आग, अब डीएम ने लगाई रासुका
बीते 28 जून की सुबह जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर आग लग गई थी, जिसमें सारा सामान जलकर राख हो गया था। समय रहते दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बचा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने जनरल वार्ड में आग लगाने के मामले में आरोपी बने राजा अंसारी के खिलाफ जिलाधिकारी मनीष बंसल ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) की कार्रवाई करने की संस्तुति दी। कोतवाली पुलिस की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई करने की संस्तुति का प्रस्ताव बनाकर उसके जिलाधिकारी के पास भेजा गया था।
बीते 28 जून की सुबह जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर आग लग गई थी, जिसमें सारा सामान जलकर राख हो गया था। समय रहते दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बचा था। इस घटना में काफी छानबीन और सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड फुटेज से पता चला था कि अस्पताल के जनरल वार्ड में आग खुद से नहीं लगी थी, बल्कि नखासा थाना क्षेत्र के तुर्तीपुर इल्हा गांव निवासी राजा अंसारी ने लगाई थी।
लाइटर से लगाई थी आग
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ किया। इस दौरान आरोपी ने बताया कि वह 28 जून की सुबह दवा लेने जिला अस्पताल पहुंचा था, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी उसे दवा नहीं मिली। इसी अव्यवस्था से वह गुस्से में आया और तीसरी मंजिल पर पहुंचकर जेब से लाइटर निकालकर आग लगा दी। पुलिस प्रशासन ने आरोपी को जेल भेजने के बाद उस पर एनएसए की कार्रवाई के लिए साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद जिलाधिकारी को सारे दस्तावेज भेज आरोपी के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई करने के लिए अनुमति प्रदान करने की सिफारिश की। जिलाधिकारी ने आरोपी के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की संस्तुति प्रदान की। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि डीएम की संस्तुति मिलने के बाद जेल में बंद राजा अंसारी के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई है। उसके परिजनों को भी इससे अवगत करा दिया गया है।