संभल में सद्भाव: महाकुंभ से गंगाजल लाने वाले वाहनों पर मुस्लिमों ने फूल बरसाए, प्राचीन तीर्थ स्थलों में चढ़ाया
महाकुंभ में डुबकी न लगा पाने वालों के लिए सरकार ने गंगाजल भेजा। जिसे संभल के विभिन्न तीर्थों में वितरित किया गया। गंगाजल लेकर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का मुस्लिम समाज ने फूल बरसाकर स्वागत किया।
विस्तार
महाकुंभ में जो लोग पहुंचकर डुबकी नहीं लगा पाए, उनके लिए सरकार ने गंगाजल भेजने की व्यवस्था की। जिसके क्रम में संभल जिले में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां जल लेकर पहुंची। इस गंगाजल को प्राचीन तीर्थ श्री वंश गोपाल समेत कई प्रमुखों तीर्थों में छुड़वाया गया है। ताकि लोग इसमें स्नान कर महाकुंभ के जैसा पुण्य ले सकें।
खास बात यह है कि रविवार को जब यह गाड़ियां संभल पहुंचीं तो चौधरी सराय में मुस्लिम लोगों ने फूल बरसाकर इनका स्वागत किया। फूल बरसाकर स्वागत कर रहे सैयद शान अली ने बताया कि वे संभल में हिंदू-मुस्लिम भाईचारा को मजबूत बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाते रहते हैं। जिसके क्रम में स्वागत किया गया।
इस दौरान अब्दुल हाकिम, मेहराज हुसैन, प्रमोद सैनी, जाकिर खान, गुलजार अंसारी, शफात हुसैन, उमेश श्रीमाली, शरीफ हुसैन, अंसार हुसैन, राहिल खान आदि रहे।
वंश गोपाल तीर्थ में स्नान आज : भगवत प्रिय महाराज
प्राचीन श्री वंश गोपाल कल्किधाम तीर्थ के महंत भगवत प्रिय महाराज ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कृपा से महाकुंभ का यह गंगाजल हम तक पहुंचा है। इसे वंश गोपाल कल्किधाम के तीर्थ में छुड़वाया जा रहा है। सोमवार को पहुंचने वाले तमाम भक्तगण इसमें स्नान करेंगे। इसकी तैयारी कर ली गई है।
एसडीएम वंदना मिश्रा ने बताया कि यह गंगा जल संभल के प्राचीन वंश गोपाल कल्किधाम तीर्थ, क्षेमनाथ तीर्थ, कुरुक्षेत्र कुंड और मृत्युंजय महादेव महातीर्थ तक पहुंचेगा। इसमें वे लोग जो वृद्ध हैं, या महाकुंभ जाने से वंचित रह गए हैं, स्नान करके पुण्य कमा सकते हैं।