Sambhal: दरोगा ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को कार से कुचला, दो की मौत, एक की हालत गंभीर
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अजय कुमार के पिता की तहरीर के आधार पर वर्दी पहने अज्ञात चालक दरोगा के खिलाफ कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
संभल के बहजोई में कार सवार दरोगा ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को कुचल दिया। इसमें बहजोई के मोहल्ला बम्बा निवासी अजय कुमार (30) पुत्र श्रीराम और गाजियाबाद के विजयनगर अंतर्गत सुदामापुरी ए ब्लॉक निवासी योगेश (24) पुत्र जसवीर की मौत हो गई। जबकि मोहल्ला बम्बा निवासी मृतक अजय कुमार का चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल है। जिसका उपचार चल रहा है।
यह हादसा शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे करीब बहजोई थाना क्षेत्र के इस्लामनगर मार्ग पर गांव मिर्जापुर से आगे हुआ। अजय कुमार के पिता ने बताया कि उनके भतीजे रितिक का शुक्रवार की सुबह पहली पाली में हाईस्कूल का पेपर था। उसने अजय कुमार को फोन कर कहा कि वह रास्ते में खड़ा है और उसको परीक्षा केंद्र गांव मऊ कठेर जाना है। यदि समय से नहीं पहुंचा तो परीक्षा छूट जाएगी। इस सूचना के बाद अजय कुमार अपने रिश्तेदार योगेश के साथ बाइक लेकर रितिक के पास पहुंच गया।
बताया कि बाइक रोक कर तीनों लोग खड़े थे। इसी दौरान बहापुर पट्टी की ओर से स्विफ्ट कार सवार आया और टक्कर मार दी। बताया कि कार चालक दरोगा था जो वर्दी में था। वह हादसे के बाद मौके से भाग गया। अजय कुमार के पिता ने बताया कि उनका बेटा पीसीएस की तैयारी कर रहा था। हादसे ने उसकी जान ले ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अजय कुमार के पिता की तहरीर के आधार पर वर्दी पहने अज्ञात चालक दरोगा के खिलाफ कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।