चंदौसी(संवाद)। जनपद की सुरक्षा को मजबूत करने के मद्देनजर जनपद में चंदौसी के कैथल गेट और मुरादाबाद व बदायूं बॉर्डर पर अकरौली और पथरा मोड़ समेत चार स्थानों पर पुलिस चेक पोस्ट का शनिवार को डीएम राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने उद्घाटन किया। साथ ही कोतवाली चंदौसी के गांव कैथल में नवनिर्मित पुलिस चौकी का डीएम राजेंद्र पैंसिया और कृष्ण कुमार विश्नोई ने लोकार्पण किया। सुबह डीएम, एसपी ने विधिविधान से पूजा अर्चना की। इसके बाद चौकी परिसर में पौधारोपण कर चौकी परिसर का निरीक्षण किया। वहीं थाना बनियाठेर के मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बॉर्डर के गांव अकरौली पर पुलिस चेक पोस्ट के उद्घाटन पूजा अर्चना के बाद एक बच्ची से कराया गया। वहीं कोतवाली चंदौसी के बदायूं बॉर्डर के गांव पथरा पर भी पुलिस चेक पोस्ट का उद्घाटन किया गया।
एसपी ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के दृष्टिगत जनपद में पांच मुख्य स्थानों पर पुलिस चौकी व चेक पोस्ट बनाए गए हैं। जहां पर पुलिस विभाग, खनन विभाग तथा परिवहन विभाग की टीमों के द्वारा संयुक्त रूप से बैरियर लगाकर चेकिंग की जा सके। बॉर्डर चेक पोस्ट पर ओवरलोडिंग, अवैध खनन व अराजकतत्वों द्वारा आपराधिक घटना कर जनपद से बाहर भागने जैसी स्थिति में चेक पोस्ट पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी।