खौफनाक तंत्र तस्करी: कछुए से इंसानों तक की सौदेबाजी, संभल में 14 पकड़े, गरीब परिवारों को ऐसे फंसाता था गैंग
संभल पुलिस ने तंत्र क्रिया के नाम पर मानव और वन्य जीव तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह तंत्र विद्या के नाम पर ठगी कर लड़के-लड़कियों की तस्करी और यौन शोषण करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, तंत्र सामग्री, कछुआ और हथियार बरामद किए हैं।
विस्तार
संभल के थाना धनारी पुलिस ने तंत्र क्रिया के नाम पर मानव व प्रतिबंधित वन्य जीवों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के 14 सदस्यों को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन, तंत्र सामग्री, एक कछुआ, हथियार आदि सामान बरामद किया है।
शुक्रवार को एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने संभल में प्रेस वार्ता के दौरान खुलासा किया। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। एसपी ने बताया कि 21 मार्च को थाना धनारी क्षेत्र के गांव बमनपुरी के रहने वाले राजपाल ने सूचना दी थी कि उसकी मां की कमर में दर्द था।
11 मार्च को वह मां का तंत्रमंत्र से इलाज करवाने के लिए गांव के ही लाखन व रिंकू से मिला था। इसके बाद लाखन, रिंकू, अजय सिंह व दुर्जन राजपाल को नरौरा ले गए। जहां वह लोग जनपद एटा में संतोष व शिवम के साथ जबरन आगरा में अज्ञात जगह पर ले गए।
जहां पर उन लोगों ने अन्य लोगों के साथ उसके हाथ व पैर बांधने के बाद सफेद कपड़ा मुंह पर डाल दिया और तंत्र क्रिया कर बलि देने का प्रयास किया गया। उसकी चीख सुनकर वहां पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए तो आरोपी उसे छोड़ कर भाग गए। इस मामले में थाना धनारी पुलिस ने मामला दर्जकर विवेचना शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान नामजद व अन्य अभियुक्त रिंकू, अजय, संतोष, दुर्जन से जब पूछताछ की गई व उनके मोबाइल रिकॉर्ड देखे तो सामने आया कि अंतरराज्यीय ठगी गिरोह के सदस्य हैं जो कि तंत्र क्रिया के माध्यम से घर में धनवर्षा (नोटो की बारिश) का लालच देकर भोले भाले गरीब परिवार की लड़कियों व लड़कों की तस्करी कर यौन शोषण करते हैं।
वन्य जीवों की तस्करी भी करते हैं। धनारी पुलिस ने गिरोह के 14 सदस्य गिरफ्तार किए हैं। इनके पास से मोबाइल, तंत्र विद्या की सामग्री, आर्टिकल कछुआ, अपराध में प्रयुक्त हथियार बरामद किए हैं। खुलासे के दौरान एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा, सीओ डॉ. प्रदीप कुमार मौजूद रहे।
ये अभियुक्त किए गए गिरफ्तार
पुलिस ने रिंकू निवासी लहरा नगला श्याम थाना जुनावई, अजय सिंह निवासी चमरपुरा थाना रजपुरा जिला संभल, दुर्जन निवासी मोहल्ला करम घरम नरौरा थाना नरौरा जनपद बुलंदशहर, संतोष निवासी नगला मदिहा थाना कोतवाली देहात एटा, राघवेंद्र निवासी अमर विहार काॅलोनी थाना ट्रांस यमुना जनपद आगरा, रघुवीर निवासी श्याम विहार कालोनी थाना ट्रांस यमुना जनपद आगरा, आकाश निवासी गढ़ी कल्याण थाना नारकी जिला फिरोजाबाद, कप्तान सिंह निवासी विद्यापुरम थाना ट्रांस यमुना जनपद आगरा, संजय चौहान निवासी न्यू आगरा थाना न्यू आगरा जिला आगरा, डीएन त्रिपाठी निवासी शाखिपुरम थाना सिकंदराऊ जिला आगरा, जयप्रकाश भारद्वाज निवासी सेक्टर -7 बधूला थाना जगदीशपुरा जिला आगरा, सोनू उर्फ अन्ना निवासी भरतना थाना भरतना जिला इटावा, हाल निवासी फिरोजाबाद, लाल सिंह निवासी ग्राम धौर्रां थाना अहमदपुर जिला आगरा और पप्पू निवासी ग्राम जलालपुर थाना फतेहाबाद जिला आगरा को गिरफ्तार किया है।
कोड भाषा में गिरोह को मीडिया कह कर बुलाते हैं सदस्य
पुलिस के अनुसार इस गिरोह के सदस्य अपने गिरोह को कोड भाषा में मीडिया कहते हैं। यह गिरोह तंत्र क्रिया कर घर में नोटों की बारिश होने का झांसा देकर भोले भाले लोगों के साथ ठगी करता है और उनको प्रलोभन देकर उनकी लड़कियों व लड़कों का शोषण करता है। धन वर्षा तांत्रिक क्रिया एक ऐसी तांत्रिक पद्धति है जिसमें किसी दुर्लभ सामान के ऊपर कारीगर या गुरु या डीआर (कोड नेम) के द्वारा किसी विशेष दिनों में पूजा करने से धन की वर्षा होती है।
लोगों में भ्रम फैला कर अपने जाल में फंसाता है गिरोह
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह किसी भी वस्तु को पूजा के लिए विशेष या दुर्लभ वस्तु बताकर भ्रम फैलाता है। यह दुर्लभ सामान कोई भी वस्तु हो सकती है। जैसे 20 नख का कछुआ, दो मुंह का सांप, विशेष प्रजाति का उल्लू, विशेष सीरियल नंबर के नोट, पुराने सिक्के और नव युवतियां और नवयुवक। गिरोह यह भ्रम फैलाता है कि सबसे ज्यादा नोटों की वर्षा लड़की के ऊपर तंत्र क्रिया करने पर होती है।
जिसे यह आरोपी कोड भाषा में टमाटर, टीटी या आर्टिकल या सामान कहते हैं। गिरोह के सदस्य झांसा देते हैं कि तंत्र क्रिया के लिए युवती कुंआरी हो, लंबाई 5 फीट 5 इंच से अधिक, शरीर पर कोई कटे-जले व टैटू गोदना का निशान नहीं, कोई आपरेशन नहीं, किसी जानवर ने काटा नहीं हो।
यह नोटों की बारिश करवाने के लिए एक गुरु या कारीगर (कोड नाम) होता है। जो तंत्र क्रिया करता है। यह लोग गरीब परिवार को निशाना बनाते हैं और उन्हें प्रलोभन देते हैं कि उनकी लड़की विशेष गुण संपन्न है, जिस पर तंत्र क्रिया करने से घर में नोटों की बारिश होगी।
तंत्र क्रिया से पहले लड़की की होती है जांच
तंत्र क्रिया करने से पहले गुरु या कारीगर (कोड नाम) लड़की का वीडियो बनवाता है। उसके हाथ में एक कागज देकर एक फोटो खींची जाती है। इसके अलावा अन्य चीजें भी देखी जाती हैं। इसके बाद गिरोह के सदस्य लड़की को गुरु कारीगर के पास लेकर जाते हैं, जो की एकांत में लड़की पर तंत्र क्रिया का नाटक करता है।
इसमें तांत्रिक लड़की को अचेत करते हुए दैवी शक्ति का भय दिखाकर संबंध बनाते हैं। पुलिस का दावा है कि ऐसे कई प्रमाण इस गिरोह के सदस्यों के मोबाइल से प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार पीड़ित राजपाल की भी यही विशेषता थी कि वह उल्टा पैदा हुआ था और किसी भी जानवर कुत्ते या बंदर के द्वारा काटा नहीं गया था। आरोपी रिंकू व अजय को पांच लाख का प्रलोभन दिया गया था।
धनारी पुलिस ने धन वर्षा यानी नोटों की बारिश के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। ये गिरोह भोले भाले गरीब परिवार की लड़कियों पर तंत्र क्रिया करने के नाम पर शोषण करता है। मानव व विशेष वन्य जीवों की तस्करी करता है। गिरोह के 14 सदस्य गिरफ्तार किए हैं। इनसे तांत्रिक क्रिया का सामान समेत वन्य जीव बरामद किए गए हैं। विधिक कार्रवाई की जा रही है। - कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी संभल