Sambhal: भाई की कर दी हत्या..शव को लटका रहे थे मचान पर, मौके पर पहुंचे तो भागे आरोपी, परिजनों ने काटा हंगामा
संभल के जुनावई इलाके के एक गांव में किसान का शव मिला है। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा काटा। उन्होंने कहा कि वह खेत की रखवाली करने गया था। इस बीच तीन लोगों ने उसे मारकर मचान में टांगने की कोशिश की जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकले।
विस्तार
जुनावई क्षेत्र के गांव मणिकावली गांव निवासी किसान मानेश (38) का शव शनिवार की सुबह मक्का के खेत में मचान पर फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर रंजिशन हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने शव लेकर जा रहे वाहन को थाने के सामने रोककर ढाई घंटे तक हंगामा किया।
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। जुनावई थाना क्षेत्र के मणिकावली गांव निवासी मानेश शुक्रवार की रात मक्का की फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गया था। तड़क साढ़े चार बजे मानेश की पत्नी कांति और उसका भाई अजयवीर खेत पर सिंचाई करने के लिए पहुंचे तो गांव के तीन लोग उसके भाई की हत्या कर शव को मचान पर लटका रहे थे।
उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस के पहुंचने पर परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। करीब दस मिनट तक घटनास्थल से शव नहीं उठने दिया। किसी तरह पुलिस ने शव कब्जे में लेकर थाने पहुंचवाया।
यहां से शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा तो परिजनों ने थाने के बाहर शव लेकर जा रहे वाहन को रोक लिया और हंगामा आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। करीब ढाई घंटे तक परिजनों ने शव को नहीं जाने दिया।
हंगामे सूचना पर गुन्नौर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बमुश्किल परिवार वालों को समझाया। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दस दिन पहले हुआ था विवाद
मृतक के भाई भुवनेश ने बताया कि नौ मई की रात गांव के तीन लोगों ने उसके भाई मानेश से घर में घुसकर गाली गलौज की। विरोध करने पर लाठी डंडों से बुरी तरह पीटा। जिसमें मानेश घायल हो गया था। विवाद की तहरीर जुनावई थाने में दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कई बार उसका भाई थाने गया था।
पांच बच्चे को कैसे होगा भरणपोषण
मानेश सामान्य किसान था। उसपर चार बेटियों और एक बेटे की जिम्मेदारी थी। उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट छा गया है। उसकी सबसे बड़ी बेटी प्राची 16 वर्ष की है, जबकि सबसे छोटा बेटा दक्ष छह वर्ष का है।
खेत में मचान से किसान का शव लटका मिला है। परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे है। अभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अनिल कुमार, प्रभारी निरीक्षक जुनावई