Sambhal: आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली कनेक्शन नहीं, ग्राम पंचायत को थमाया 47 हजार बिल...शिकायत के बाद अफसर हैरान
ग्राम प्रधान कश्मीरा देवी ने बताया कि कनेक्शन की बात तो दूर भवनों के आसपास तक बिजली की लाइन नहीं है। इसके बाद भी बिल जारी हो गया। इसकी जांच होनी चाहिए।
विस्तार
पवांसा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत कैली पतरासी में विद्युत निगम ने गजब का खेल कर दिया। विभागीय अधिकारियों ने बिना कनेक्शन के ही ग्राम पंचायत को साढ़े 47 हजार रुपये का बिजली बिल थमा दिया। बिल देखकर ग्राम प्रधान और सचिव भी हैरान है कि बिना कनेक्शन बिल कैसे आया।
ग्राम प्रधान कश्मीरा देवी का कहना है कि कनेक्शन की बात तो दूर भवनों के आसपास में कई सौ मीटर तक विद्युत लाइन ही नहीं है तो फिर यह बिल कैसे जारी हो गए। इसकी जांच होनी चाहिए। क्षेत्र की ग्राम पंचायत कैली पतरासी में छह साल पहले आंगनबाड़ी केंद्र बनाया गया था। इसमें विद्युत निगम ने एक जुलाई-2021 से विद्युत कनेक्शन होने का दावा किया है।
जबकि मौके पर आज तक न मीटर है। अहम बात यह है कि इसके 100 मीटर तक बिजली की लाइन ही नहीं है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों ने 31,983 रुपये का बिल थमा दिया है। सामुदायिक शौचालय वर्ष-2021 में निर्मित कराया गया। यहां भी एक अप्रैल-2022 से कनेक्शन देने की बात कही है पर मौके की हालत आंगनबाड़ी केंद्र जैसी है।
इसके 300 मीटर दूर तक बिजली लाइन नहीं है और बिल 10,454 रुपये का दिया है। इस सबसे अलग पंचायत सचिवालय का तो निर्माण कार्य ही पूरा नहीं हुआ है। यहां 10 अप्रैल-2023 से बिजली कनेक्शन होने का दावा किया गया है, जबकि मौके पर 400 मीटर दूर तक लाइन ही नहीं है। निगम ने बिल 5241 रुपये का दिया। इससे जाहिर है कि कनेक्शन सिर्फ कागजों में हुए हैं।
एसडीओ बोले, अब खिंचवाएंगे लाइन तो फिर कहां से आए बिल
पवांसा सब डिवीजन देहात के उपखंड अधिकारी अनिल कुमार ने खुद इस बात को स्वीकार किया है कि वहां पर लाइन नहीं है, लेकिन अब खिंचवाएंगे और तीनों स्थानों पर बिजली आपूर्ति दी जाएगी। ऐसे में सवाल यह उठता है कि अब तक जो बिल आए वह कहां से जारी हो गए। बिना कनेक्शन बिल जारी होने का मामला गंभीर है। यह कई तरह के सवाल पैदा कर रहे हैं। इस मामले में यदि गंभीरता से जांच हो तो हकीकत सामने आ सकती है।
पंचायत सचिवालय हाल में ही बनकर तैयार हुआ है, जबकि सामुदायिक शौचालय संचालित है। यहां पर अभी न मीटर लगे हैं और न लाइन है। तीन दिन पहले बिजली बिल आया है। इस मामले की शिकायत विभागीय अधिकारियों के साथ विद्युत निगम के अधिकारियों से करूंगा। -पंकज कुमार, पंचायत सचिव
कैली पतरासी में पंचायत सचिवालय के विद्युत बिल की जानकारी है पर सामुदायिक शौचालय और आंगनबाड़ी केंद्र के विद्युत बिल की मुझे कोई जानकारी नहीं है। तीनों स्थानों पर लाइन खिंचवाकर बिजली सप्लाई दी जाएगी। इस बीच जो बिल भुगतान के लिए आए हैं, उनका संशोधन किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -अनिल कुमार, एसडीओ देहात, सब डिवीजन पवांसा