गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसा: संभल में अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन के पलटने से 12 लोग घायल, नौ रेफर
शुक्रवार सुबह गंगा एक्सप्रेस वे पर करनाल से बदायूं जा रहा पिकअप चालक को नींद आने से पलट गया। इसमें तीन बच्चों समेत 12 लोग घायल हुए, जिन्हें बहजोई सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
विस्तार
हरियाणा के करनाल से चलकर जिला बदायूं के बिनावर जा रहा सवारियों से भरा पिकअप वाहन गंगा एक्सप्रेस वे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे पिकअप वाहन सवार तीन बच्चों समेत 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 9 घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसा शुक्रवार को सुबह करीब 4:45 बजे गांव ढाढोल के निकट हुआ। सूचना मिलने पर मय पुलिस टीम के मौके पर पहुंचे प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने मामले की जांच पड़ताल के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को गंगा एक्सप्रेसवे से हटवा कर सड़क किनारे लगवाया। प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच पड़ताल में सामने आया कि हरियाणा के करनाल से पिकअप वाहन में सवार होकर लोग महिलाओं व बच्चों के साथ दीपावली मनाने जिला बदायूं के गांव बिनावर जा रहे थे।
रास्ते में चालक को नींद की झपकी आने के कारण पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। सभी घायलों का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया है। क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को गंगा एक्सप्रेसवे से हटवा दिया गया है। सवारियों को उनके गंतव्य पर भेजने का इंतजाम कराया जा रहा है।
हादसे में यह लोग हुए हैं घायल
1- राजकुमारी पत्नी मुकेश 40 वर्ष गंगुरिया थाना कलान शाहजहांपुर।
2- देवी पुत्री तालेवर 10 वर्ष।
3- तालेवर पुत्र रामदीन 50 वर्ष।
4- रूपवती पत्नी नेत्रपाल 55 वर्ष।
5- रीना पत्नी राहुल 30 वर्ष, मेहरी थाना मूसाझाग बदायूं।
6- राम बाबू पुत्र प्रेमपाल 40 वर्ष सूरजपुर रजपुर गुमराह थाना इस्लामनगर बदायूं।
7- अरुण पुत्र दम्पत 10 वर्ष।
8- रीना पत्नी दंपत 50 वर्ष रायपुर दिरपुर थाना दातागंज बदायूं।
9- रानी पत्नी छोटेलाल 40 वर्ष।
10- राधेश्याम पुत्र छोटेलाल 7 वर्ष भागनगर थाना धनारी।
11- जगदीश पुत्र अंगन 60 वर्ष खजरा खाकाम थाना बहजोई।
12- मुकेश पुत्र राम स्वरूप 50 वर्ष गंगुरिया थाना कलां जिला शाहजहांपुर।