Saharanpur: शादी का झांसा देकर यौन शोषण, गर्भवती हुई तो कराया गर्भपात, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
नागल क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने अश्लील वीडियो की धमकी भी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के नागल क्षेत्र में एक युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण करने और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती का कहना है कि वह मजदूरी करने के लिए गांव के ही युवक रईस के खेत पर जाती थी। इसी दौरान युवक उस पर गलत नजर रखने लगा और धीरे-धीरे बातचीत शुरू कर दी। आरोपी ने उससे शादी करने का वायदा किया और विश्वास में लेकर संबंध बना लिए। युवती का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई।
यह भी पढ़ें: माता बनी कुमाता: मेरठ में नवरात्र के पहले दिन कूड़े में मिला नवजात बच्ची का भ्रूण, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने इनकार कर दिया और धमकी दी कि उसके पास अश्लील वीडियो है। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी से इस मामले का जिक्र किया या पुलिस से शिकायत की तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगा। इसके बाद उसने दबाव बनाकर दवाइयां खिलाकर गर्भपात करा दिया।
युवती का आरोप है कि अब आरोपी उससे गाली-गलौज करता है और लगातार डराता-धमकाता है। मजबूर होकर उसने पुलिस से शिकायत की। नागल पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी रईस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की जांच संवेदनशीलता के साथ की जा रही है और पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।