Saharanpur: नौ माह पहले ऑपरेशन कर पेट में छोड़ी पट्टी, अब महिला की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा
Saharanpur News : सहारनपुर की एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने नौ माह पहले ऑपरेशन कर पेट में पट्टी छोड़ दी थी। जिस वजह से महिला की मौत हो गई।
विस्तार
सहारनपुर में तीतरो के रादौर गांव की रहने वाली महिला की उपचार में लापरवाही बरतने पर पानीपत के अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि नौ माह पहले सहारनपुर के अस्पताल में ऑपरेशन कराया था। पेट में पट्टी छोड़ दी थी, जिसके चलते महिला की मौत हुई। परिजनों ने अस्पताल पहुंच कर हंगामा भी किया। कोतवाली सदर बाजार में चिकित्सक दंपती सहित दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
रादौर निवासी ममतेश पत्नी मांगेराम का नौ माह पहले हकीकत नगर स्थित सहगल नेत्र चिकित्सालय एवं मैटरनिटी सेंटर में रसौली का ऑपरेशन हुआ था। कुछ दिन पहले महिला की तबीयत खराब हुई तो परिजन अस्पताल लेकर आए थे। जहां चिकित्सक ने यह कहकर वापस भेज दिया कि पेट में गैस है, इसलिए दिक्कत बन रही।
इसके बाद परिजन 13 मार्च को पानीपत पहुंचे और यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने महिला का अल्ट्रासाउंड के साथ-साथ एमआरआई कराई। इसमें पता लगा कि पेट में पट्टी छोड़ रखी है। मंगलवार को महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने सर्किट हाउस रोड पर रोका
परिजनों ने बुधवार को शव का पानीपत में पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव को लेकर हकीकत नगर स्थित अस्पताल में आने लगे। इसी बीच पुलिस ने उन्हें सर्किट हाउस रोड पर रोक लिया। जबकि कुछ ग्रामीण अस्पताल में पहुंच गए। वहां लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मृतक महिला के पति मांगेराम की तरफ से तहरीर दी गई। जिसके आधार पर थाना सदर बाजार पुलिस ने चिकित्सक डॉ. अंजू सहगल, डॉ. अजय सहगल व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके बाद परिजन शांत हुए और वापस लौट गए।
चार चिकित्सकों की टीम गठित
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि महिला की मौत का मामला संज्ञान में है। इस प्रकरण की जांच के लिए चार चिकित्सकों की टीम गठित कर दी है, जो चार से पांच दिन में पूरे प्रकरण की जांच करेंगी।
यह भी पढ़ें: दुस्साहसिक: मेरठ के कलीना में व्यक्ति को जिंदा जलाने का प्रयास, जंगल में बंधक बनाया, फिर लगा दी आग, हालत गंभीर
परिजनों की तहरीर पर चिकित्सक दंपती सहित दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साक्ष्य मिलने पर आरोपियों की गिरफ्तारी भी होगी। - अभिमन्यु मांगलिक, एसपी सिटी
यह भी पढ़ें: UP: गन्ने के सियासी रस की कौन लेगा मिठास, क्या लोस चुनाव में बड़ा प्रभाव डालेगा ये मुद्दा? पढ़ें खास रिपोर्ट