फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Saharanpur News ›   Will not violate the rights of Muslim women: Amit Shah

मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों का नहीं होने देंगे हनन : अमित शाह

Sun, 06 Nov 2016 02:04 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर Updated Sun, 06 Nov 2016 02:04 AM IST
विज्ञापन
Will not violate the rights of Muslim women: Amit Shah
सहारनपुर में जनता रोड पर भाजपा की परिवर्तन रैली में एकजुटता का आह्वान करते राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और अन्य नेता। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
देशभर में तीन तलाक के मुद्दे पर गर्माई बहस के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि तीन तलाक की व्यवस्था खत्म होनी चाहिए। मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों का संरक्षण होना चाहिए। मुस्लिम महिलाओं का जीवन मजाक बनाकर रख दिया है। कुछ लोग वोट बैंक की राजनीति के लिए महिलाओं के अधिकारों के साथ छेड़खानी कर रहे हैं। भाजपा ने ट्रिपल तलाक को खत्म करने का निर्णय लिया है तो हाय तौबा मचा दी है। 
विज्ञापन


भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को जनता रोड स्थित महाराज सिंह कॉलेज के खेल के मैदान में आयोजित परिवर्तन रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने तीन तलाक पर कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा की सरकार ने जो निर्णय लिया है उस पर सपा, बसपा और कांग्रेस हाय तौबा कर रहे हैं, लेकिन भाजपा किसी भी कीमत पर मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस और दूसरी पार्टियां महिलाओं के अधिकारों का हनन कर रही हैं।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को देश की सुरक्षा का भी भान नहीं है। सर्जिकल स्ट्राइक भाजपा ने की तो राहुल गांधी ने कहा कि खून की दलाली कर रहे हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी तब आए दिन सरहद पर गोलीबारी होती थी, तब कुछ नहीं किया, लेकिन अब नरेंद्र मोदी की सरकार है। अब हम ईंट का जवाब पत्थर से देने वाले हैं और गोली का जवाब गोले से देने वाले हैं। सेना के साहस पर सवाल उठाने वालों को शर्म आनी चाहिए। सैनिक की मौत पर राहुल गांधी सियासत कर रहे हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि वन रैंक, वन पेंशन के लिए राहुल गांधी सवाल खड़े कर रहे हैं लेकिन यह मामला इंदिरा गांधी जब प्रधानमंत्री थीं तब का था। तब से कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन मसला हल नहीं हुआ। नरेंद्र मोदी सरकार ने 5500 करोड़ रुपये जवानों के खातों में सीधा जमा कराया। केंद्र की सरकार भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बदली है और प्रदेश सरकार भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ही बदलेंगे। 24 दिसंबर तक दो तिहाई बहुमत की नींव डल जाएगी।

उन्होंने कहा कि 15 साल से क्रम चल रहा है कभी सपा और कभी बसपा। इन्होंने यूपी का विकास रोक दिया है, जबकि भाजपा शासित प्रदेशों में विकास तेजी से चल रहा है। बिजली 24 घंटे मिल रही है, रोजगार मिल रहा है, किसानों को उनकी उपज का भुगतान मिल रहा है। यूपी में तो यह भी नहीं पता कि सड़क में गड्ढे हैं कि गड्ढों में सड़क। चाचा अपने भतीजे को गाली दे रहा है और भतीजा अपने चाचा को गाली दे रहा है।

बुआ चाचा और भतीजा दोनों को ही गाली दे रहीं हैं लेकिन प्रदेश के विकास की किसी को चिंता नहीं है। भाजपा की सरकार बनने के बाद पांच साल में यूपी देश का नंबर एक प्रदेश होगा। उन्होंने बसपा सरकार और सपा सरकार पर घोटालों एवं अपराधियों की सरकार होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यूपी के विकास के लिए जो पैसा दे रही है, वह सपा नेताओं के घरों में जा रहा है। भाजपा ही प्रदेश का विकास कर सकती है।  
    
इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने परिवर्तन यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, लघु, मध्यम और सूक्ष्म उद्योग मंत्री कलराज मिश्र, केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, यूपी प्रभारी ओम माथुर, सहारनपुर सांसद राघव लखनपाल शर्मा, कैराना सांसद हुकुम सिंह, बागपत सांसद डा. सत्यपाल सिंह, यशपाल सिंह, वीरेंद्र खटीक, विधायक सुरेश राणा, संगीत सोम, राजीव गुंबर, धर्म सिंह सैनी, प्रदीप चौधरी, महावीर राणा और अन्य मौजूद रहे। 

कानून व्यवस्था पर प्रदेश सरकार को घेरा
भाजपा की परिवर्तन यात्रा रैली में अधिकांश वक्ताओं के निशाने पर प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था रही। उन्होंने सपा सरकार को भ्रष्ट बताते हुए कहा कि कहा कि प्रदेश में आम आदमी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। बहन बेटियों का सम्मान खतरे में है। इसके चलते पलायन शुरू हो गया है।

शनिवार को महाराज सिंह कॉलेज मैदान में आयोजित भाजपा की परिवर्तन यात्रा रैली में राष्ट्रीय सचिव और परिवर्तन यात्रा के संयोजक महेंद्र सिंह ने कहा कि विकास और व्यवस्था को सही करने के लिए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव जैसी सफलता दोहराने का आह्वान किया।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मध्य प्रदेश में हुए एनकाउंटर पर सवाल खडे़ करने वालों को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सिमी से जुडे़ आतंकवादियों का एनकाउंटर नहीं होगा तो क्या किसानों का होगा। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा के कार्यकाल में विकास नहीं हो सकता। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि जिस प्रदेश में थाने बिकते हों, वहां अपराध पर कैसे अंकुश लगेगा। उन्होंने कल्याण सिंह सरकार में किए गए विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की भी याद दिलाई।

केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि सपा और बसपा सरकार कार्यकाल में किसानों की उपेक्षा हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अभी तक न तो बकाया गन्ना मूल्य दिलवा पाई है और न पेराई सत्र आरंभ होने बावजूद गन्ना मूल्य की घोषणा कर सकी है।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर बीज घोटाला कर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा सरकार किसान, मजदूर, और व्यापारी विरोधी है। भाजपा के प्रदेश में सत्ता में आने पर न सिर्फ गन्ने का रेट बढे़गा बल्कि 14 दिनों में गन्ना मूल्य का भुगतान भी सुनिश्चित कराया जाएगा। 

कैराना सांसद बाबू हुकुम सिंह ने लोगों को सहारनपुर दंगे की याद कराते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि  गुरुद्वारा के एक प्लाट को लेकर हजारों की भीड़ इकट्ठी हो जाती है और अंबाला रोड की दुकानों को लूट ली जाती है जबकि पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना रहता है। 

सरधना विधायक संगीत सोम ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री गन्ने किसानों का बकाया भुगतान नहीं करा पा रहे हैं लेकिन साइकिल से मर्सडीज बस पर आ गए हैं। 
प्रदेश उपाध्यक्ष कांता कर्दम और अश्वनी त्यागी ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह फेल है। इसमें गुंडे और माफिया हावी हैं। 
प्रदेश मंत्री देवेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जनता पिछले 15 वर्षों के कुशासन से तंग आ चुकी है। विकास के लिए जनता प्रदेश में सत्ता में परिवर्तन करना चाहती है। 

प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी ने कहा कि आज चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। उन्होंने कहा कि गुंडाराज समाप्त करने के लिए भाजपा सरकार जरूरी है।

सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने आज की परिवर्तन यात्रा रैली को एतिहासिक बताते हुए लोगों को सत्ता परिवर्तन का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में गुजरात जैसा सुशासन लाना चाहती है। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों की भी जानकारी दी। 

मुजफ्फरनगर से आए विधायक कपिल देव सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था से लेकर अन्य सभी मोर्चों पर फेल है। 
नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था अराजक है और गुंडा और माफिया हावी हो रहे हैं। 
गंगोह विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि  प्रदेश में आम आदमी असुरक्षित महसूस कर पलायन को मजबूर हो रहा है। 

नकुड विधायक डॉ. धर्मसिंह सैनी ने कहा कि हम प्रदेश में परिवर्तन लाने के लिए भाजपा में आए हैं एमपी एमएलए बनने के लिए नहीं। भाजपा में पूरी मेहनत से कार्यकर्ता की तरह कार्य करेंगे। उन्होंने बसपा में रहने के दौरान के अनुभव भी रैली में साझा किए। बेहट विधायक महावीर राणा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर पोपलर से प्लाईवुड बनाने वाले कारखाने लगाए जाएंगे। जिससे युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। 

थानाभवन विधायक सुरेश राणा ने सपा के चल रहे संघर्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवार में लड़ाई पैसों के बंटवारे को लेकर है। उन्होंने कहा कि यहां का एक चर्चित खनन माफिया ने लाखों बीघा जमीन अवैध रूप से कब्जा रखा है। 


नगीना के सांसद डॉ. यशवंत ने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों में सिर्फ मुख्यमंत्री का चेहरा बदल जाता है जबकि दोनों दलों की सरकार में अराजकता हावी रहती है। उन्होंने भाजपा सरकार के जनसमर्थन मांगा। बागपत के सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा यह यात्रा सत्ता परिवर्तन के लिए ही नहीं है बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए है। उन्होंने भी विधान सभा चुनाव में जीत के लिए अपील की।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed