सहारनपुर में मुठभेड़: गोली लगने से 25 हजार का इनामी गोकश घायल, दूसरा चकमा देकर फरार, तलाश में जुटी पुलिस
Saharanpur Crime News : सहारनपुर में पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोकश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर में फतेहपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी गोकश को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से गोकश घायल हो गया है। हालांकि इस दौरान उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
जानकारी देते हुए थाना अध्यक्ष फतेहपुर प्रमोद रावल ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने जयसिंघा मोड पर चेकिंग अभियान चलाया तो बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा उन्हें रुकने का इशारा किया जाने पर उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया और भागने लगे। वहीं, पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश फतेहपुर थाने के गांव गंदेवड़ा निवासी वजीर पुत्र नजीर गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर उसका एक साथी फरार हो गया।
पकड़ा गया बदमाश रामपुर मनिहारान थाने से गोकशी के मामले में वांछित चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी था। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, दो खोखे और बाइक बरामद की है।
यह भी पढ़ें: West UP News Live: शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों को बांधी राखी, PCSJ में पश्चिमी यूपी के युवाओं का जलवा
मुठभेड़ के बाद सीओ सदर और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पर फतेहपुर थाने में करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसके फरार साथी की तलाश में ताबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: आखिरबार बहन ने मनाया रक्षा बंधन: सड़क पर दौड़ाता रहा बस, रोकने के लिए चिल्लाती रही महिला; अंत में कूदकर दी जान