यूपी: BJP नेत्री समेत 15 नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा, पुलिस की गाड़ी से बच्चा घायल, गांव में फोर्स तैनात
Saharanpur News : चौकी पर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने भाजपा नेत्री समेत 15 नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जा रही पुलिस की गाड़ी से एक बच्चा घायल हो गया। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
विस्तार
सहारनपुर के गंगोह में कुंडा चौकी पर हुए हंगामे में पुलिस ने भाजपा नेत्री एवं उसके पिता सहित 15 लोगों को नामजद और एक महिला सहित 50 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले में नामजदो की गिरफ्तारी को दबिश देने जा रही पुलिस की गाड़ी की चपेट में आकर सात वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। माहौल शांतिपूर्ण रखने के लिए गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
ऐसे समझें मामला
नगर महामंत्री कोमल चौधरी के माता-पिता एवं उनकी एक छोटी बहन गांव ईस्सोपुर कलालहटी में रहते हैं। पिछले कुछ समय से परिवार में खेत में पानी चलाने और कुरडी डालने को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में एक अक्तूबर को कोमल चौधरी ने अपने परिवार के पिंटू सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इसी संबंध में मंगलवार को वह अपने बयान दर्ज कराने और नामजदों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस चौकी गई थी कि हंगामा हो गया। जहां उसकी चौकी इंचार्ज के साथ नोकझोंक हो गई। मामला बढ़ने पर ग्रामीणों ने चौकी का घेराव कर लिया था। पुलिस ने लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को दौड़ा दिया। उधर, उपद्रव के बाद भाजपा नेत्री कोमल चौधरी कुंडा चौकी पर ही धरने पर बैठ गई थी। देर रात उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इनके खिलाफ हुआ केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेत्री कोमल चौधरी, उनके पिता श्रीपाल चौधरी, सद्दाम, नूर फुरकान, मामराज, आरिफ, साजिद नौशाद, मुस्तफा, वाजिद, इरशाद और एक महिला सहित 50 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दबिश देने गई पुलिस तब चपेट में आया बच्चा
बुधवार को कोतवाली गंगोह पुलिस दो गाड़ियों में सवार होकर गांव कुंडा कला में दबिश देने गई थी। एक गाड़ी की चपेट में आने से स्कूल से लौट रहा छात्र आदिल (7) घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसकी हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: यूपी बंटवारे पर सियासी दंगल: बालियान को नहीं मिला अपनों का साथ; विपक्षी बने हमदर्द, इन बयानों से टेंशन में BJP
घायल छात्र के ताऊ तहसीन और मुर्सलीन का आरोप है कि पुलिस की गाड़ियां तेजी में थी। ग्रामीणों ने बताया कि घायल का पिता शौकीन विदेश में रहता है। ग्रामीणों ने हंगामा भी किया, लेकिन किसी तरह समझाकर उन्हें शांत करा दिया गया।
यह भी पढ़ें: स्वर्णा बनीं लाडली: पारुल और अन्नु रानी ने सोने से लिखी कहानी, गांव में जश्न, अक्तूबर में मनी दीपावली