UP: बेवसाइट हैक होने से टिकटिंग व्यवस्था ध्वस्त, मैनुअल बनाने पड़े टिकट, बड़ी मुश्किल में है परिवहन निगम
UP News : बेवसाइट हैक होने से टिकटिंग व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। आज भी मैनुअल ही टिकट बनाने पड़े। इस समय परिवहन निगम बड़ी मुश्किल में है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की टिकट बुकिंग बेवसाइट हैक होने से टिकटिंग व्यवस्था ध्वस्त हो गई। रोडवेज का ईटीएम (इलेक्ट्रोनिक टिकट मशीन) का सर्वर बृहस्पतिवार को भी ठप रहा। इस वजह से बस परिचालकों को मैनुअल टिकट बनाने पड़े। इसके कारण बसें भी देर से चलीं। यात्रियों की संख्या भी कम नजर आईं। ई-मशीनों को कार्यशाला में जमा करा लिया गया। वहीं, दिनभर रोडवेज के अधिकारी परेशान रहे।
सहारनपुर परिवहन निगम परिक्षेत्र में छह डिपो हैं। इन डिपो से 573 बसें संचालित होती हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए कैशलेस की व्यवस्था की गई है। इसके लिए परिवहन निगम ने परिक्षेत्र के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली, छुटमलपुर, शामली और गंगोह डिपो को 500 से अधिक टच स्क्रीन ई-टिकटिंग मशीन दी है। इसके जरिए यात्रियों को टिकट दिए जाते हैं। सिस्टम हैक होने से ई-टिकटिंग मशीन की सेवा ठप हो गई। परिचालकों ने ई-टिकटिंग मशीन को चलाने की कोशिश की, लेकिन मशीन नहीं चली। जिसके बाद परिचालकों ने अपनी-अपनी मशीनों को कार्यशाला पहुंचकर जमा करा दिया और उन्हें मैनुअल टिकट दिए गए।
बृहस्पतिवार को सभी छह डिपो के परिचालकों ने मैनुअल टिकट बनाए। मैनुअल टिकट बनाने में परिचालकों को परेशानी उठानी पड़ी। क्योंकि परिचालकों को अधिकांश जिलों का किराया पता नहीं है। उन्हें कार्यशाला से पर्चे पर किराया लिखना और मोबाइल में फोटो खींचनी पड़ी। यहीं नहीं एक टिकट बनाने में परिचालक को 20 से 30 सेकेंड लगी। जबकि मशीनों से वह पांच से 10 सेकेंड का समय लगता था।
यह भी पढ़ें: एनकाउंटर का खौफ, यूपी के इन चार बदमाशों ने थाने में किया सरेंडर
परिवहन निगम के राजस्व पर पड़ा असर
वेबसाइट हैक होने से परिवहन निगम के राजस्व पर खासा असर पड़ा। ई-टिकटिंग मशीनें नहीं चलने से रोडवेज को राजस्व नुकसान हुआ है। परिवहन निगम अधिकारियों के मुताबिक, निगम परिक्षेत्र की बसों से पहले रोजाना 75 से 80 लाख रुपये का राजस्व आता था। लेकिन बुधवार को 40 से 42 लाख रुपये ही राजस्व आया। बृहस्पतिवार को भी परिवहन निगम का राजस्व गिरा।
बस अड्डों पर अधिकारियों ने संभाली कमान
वेबसाइट हैक के बाद परिवहन निगम अधिकारियों में खलबली रही। बृहस्पतिवार को प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज बशीर, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जोगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने रेलवे रोड बस अड्डे पर कमान संभाली और बसों का बेहतर संचालन कराया। हर 10 से 15 मिनट में बसों को बस अड्डे से रवाना किया गया।
यह भी पढ़ें: खूब दहाड़ रहा गुलदार, दहशत में यूपी का ये शहर, अब तक आठ लोगों को मार डाला
वेबसाइट हैक होने से मैनुअल टिकट बनाए जा रहे हैं। ई-मशीनों को कार्यशाला में जमा करा लिया है। उन्हें मैनुअल टिकट दिए गए हैं, जो परिवहन निगम के पास पर्याप्त मात्रा में हैं। इतना जरूर है कि मैनुअल टिकट बनाने में परिचालकों को थोड़ी परेशानी हुई। अनुपस्थित चालक-परिचालकों की संविदा समाप्त करने और वेतन में कटौती करने के निर्देश सभी एआरएम को दिए गए हैं। - परवेज बशीर, प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम