सहारनपुर। जनपद में दूसरे दिन बुधवार को भी दिन भर कोहरा छाए रहने और शीत लहर के चलने से ठंडक बढ़ी रही। खास बात यह है कि अधिकतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है, जिसकी वजह से लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल सकी। अगले तीन से चार दिन तक ऐसे ही हालात रहने का अनुमान है।
बुधवार की सुबह घना कोहरा रहा, जिसकी वजह से हाईवे पर वाहनों की गति धीमी रही। देहात क्षेत्र में विजिबिलिटी 50 से 60 मीटर रही। सुबह आठ बजे तक नीचे से तो कोहरा छट गया, लेकिन आसमान में घना कोहरा छाया रहा। दिन भर कोहरे के आसमान में चढ़े रहने की वजह से धूप नहीं निकल पाई। वहीं शीतल लहर ने ठंडक को और बढ़ा दिया। सर्दी से बचने के लिए लोग दिन ही में अलाव सेंकते नजर आए। रेलवे स्टेेशन के बाहर, जनमंच के सामने, जीपीओ रोड और कोर्ट रोड पर फुटपाथ पर पड़े लोग ठिठुरते दिखे। कई जगह लोग कचरे से अलाव जलाकर सर्दी भगाने का प्रयास करते मिले। सर्दी की वजह से बाजारों में कम ग्राहक पहुंच रहे हैं। लगातार दो दिन से मन रहे इस तरह के मौसम के चलते अधिकतम तापमान भी कम हो रहा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.5 और अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।