सहारनपुर। डीएम आलोक कुमार पांडेय और एसएसपी दिनेश कुमार ने मुस्लिम समाज के लोगों सहित अन्य जनमानस से अपील की कि जुमे की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। मगर शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। अफसरों ने सीएए और एनआरसी को लेकर भी भ्रम दूर करने की कोशिश की।
बृहस्पतिवार देर शाम तक चली बैठक में अफसरों ने कहा कि जिले ने कई मौकों पर अमन चैन का पैगाम दिया है। इसमें सभी वर्ग की भूमिका जरूरी है। कोई ऐसा कदम न उठाएं जिससे पुलिस या प्रशासन को कठोर कदम के लिए मजबूर होना पड़े। एडीएम ई एसबी सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर अभी भी संवेदनशीलता बनी हुई है। आप लोगो के सहयोग से यह अब काफी कम हुआ है। पिछले जुमे में काफी कम समय में जनपद में शांति व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा बनायी रखी गयी। उन्होेने कहा कि इस अधिनियम के तहत बहुत सारे भ्रम का निराकरण कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीएए या एनआरसी को लेकर यदि गलतफहमी है तो अफसरों, सामाजिक संगठनों का सहयोग ले सकते हैं। मदरसा मजाहिर उलूम के मौलाना मोहम्मद असद ने कहा कि जो लोग शांति व्यवस्था प्रभावित करेंगे, हम उनका सहयोग नहीं करेंगे। उन्होेने जिला प्रशासन से भी कहा कि वे ऐसे तत्वों पर नजर रखें। ऐसे लोगो से हमारा कोई वास्ता नहीं है। उन्होने यह भी कहा कि यह बिल नागरिकता देने का बिल है न कि नागरिकता लेने का। यह बिल मुस्लिम विरोधी नही है। अपना ज्ञापन अपने समीप के मस्जिद के अधिकारियों को बुला कर दें। हिंसा से हमे बचना चाहिए। सम्पत्ति व समाज को नुकसान पहुंचता है तो हमे भी नुकसान पंहुचता है। इस मौके पर एडीएम एफ विनोद कुमार, एसपी सिटी विनीत भटनागर, शौकत अली इमाम, शहर काजी नदीम सहित अन्य मौजूद रहे।