Saharanpur: शामली-अंबाला हाईवे निर्माण के दौरान हादसा, लैंटर पैनल लाॅक में नहीं सिर पर गिरा, इंजीनियर की मौत
शामली-अंबाला हाईवे के निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हो गया। बाल्लू गांव के पास सीमेंट लैंटर पैनल गिरने से साइट इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन बिना कार्रवाई के शव ले गए।
विस्तार
शामली-अंबाला हाईवे के निर्माण कार्य में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाल्लू गांव के पास लैंटर पैनल गिरने से एक युवा साइट इंजीनियर की जान चली गई।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय विमल कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव का रहने वाला था और परिवार के साथ मुजफ्फरनगर के खतौली में रहता था।
यह भी पढ़ें: shamli: कैराना में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूरों की मौत, नहीं पहना था हेलमेट
हादसा उस वक्त हुआ जब विमल कुमार हाईवे के कार्यों की नियमित जांच कर रहे थे। मिट्टी रोकने के लिए लगाए गए दो सीमेंट लैंटर पैनल अचानक उनके ऊपर गिर गए।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि पैनल में लॉक सिस्टम नहीं लगाया गया था। इसी लापरवाही के चलते हादसा हुआ।
कर्मचारियों ने पैनल को हटाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वजन अधिक होने के कारण असफल रहे। अंततः हाईड्रा मशीन से पैनल हटवाकर विमल को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी सुजीत सिंह और कंस्ट्रक्शन इंजीनियर संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। विमल के बड़े भाई विक्की कुमार, जो वहीं सीनियर इंजीनियर हैं, वे भी मौके पर पहुंचे।
परिजन बिना किसी कानूनी प्रक्रिया या शिकायत के शव को अपने साथ ले गए। इससे हादसे की जिम्मेदारी तय नहीं हो सकी।