Saharanpur: कूड़ाघरों की जगह बनेंगे सेल्फी प्वाइंट, 75 जनपद, 75 घंटे 750 निकाय अभियान के तहत होगा सुंदरीकरण
तीन दिसंबर तक 75 जनपद, 75 घंटे 750 निकाय अभियान के तहत शहरों के सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत सहारनपुर महानगर में अगले एक सप्ताह के भीतर कूड़ाघरों के स्थान पर सेल्फी प्वाइंट नजर आएंगे।
विस्तार
उतर प्रदेश के सहारनपुर महानगर में अगले एक सप्ताह के भीतर कूड़ाघरों के स्थान पर सेल्फी प्वाइंट नजर आएंगे। यह वे स्थान हैं, जहां से पहले ही कूड़ाघर खत्म किए जा चुके हैं। ऐसे 15 स्थानों को चिह्नित किया गया है, साथ ही 75 घंटे का विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। नगर निगम की टीमें लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक भी करेंगी।
नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने बुधवार को वार्ड 37 में विश्वकर्मा पुल के निकट खाली स्थान, वार्ड 55 में ताज होटल के सामने तथा वार्ड 20 में देहरादून रोड पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस की दीवार के साथ खाली स्थानों का दौरा किया। उन्होंने उक्त स्थलों पर टायल्स, वॉल पेंटिंग व प्रकाश व्यवस्था आदि के साथ सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए।
वार्ड सात में बूढ़ी माई चौक का सुंदरीकरण करने के लिए भी कार्ययोजना बनाने को कहा। गलीरा रोड स्थित सेंट मेरी एकेडमी स्कूल के सामने सड़क किनारे खाली पडे़ स्थान का समतलीकरण कराकर हरियाली के साथ उसे इस प्रकार विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे वहां बच्चे खेल सकें।
यह भी पढ़ें: चुनावी सरगर्मियां तेज: मेरठ में सुरक्षा का भरोसा दे गए सीएम योगी आदित्यनाथ, निवेशकों को किया आमंत्रित
दिल्ली रोड स्थित स्थित नेकी की दीवार के निकट सेल्फी प्वांइट बनाने के निर्देश दिए। उनके साथ अपर नगरायुक्त एसके तिवारी, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव, मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल व चंद्रपाल रहे।
नगर आयुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में एक से तीन दिसंबर तक प्रतिबद्ध 75 जनपद, 75 घंटे 750 निकाय अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा और उन्हें अभियान से जोड़ते हुए शहर के सुंदरीकरण व स्वच्छता के संबंध में उनसे सुझाव लिए जाएंगे।
इसके लिए महानगर के चिह्नित 15 अस्थायी कूड़ाघरों का निरीक्षण कर लिया गया है। इन स्थानों पर कूड़ाघरों को खत्म कर वहां समतलीकरण कराकर टायल्स आदि लगवाई जाएंगी। दीवारों पर पेंटिंग होंगी, गमले सजाए जाएंगे और रंगीन लाइटें लगवाई जाएंगी। वरिष्ठ नागरिकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।