टूटा गमों का पहाड़: जुबेर-सरफराज के जनाजे में उमड़ी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
सहारनपुर में दो परिवारों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। जुबेर और सरफराज की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में मातम पसरा है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर में सड़क हादसे का शिकार हुए जुबेर की मौत के बाद उसके परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। जुबेर के पिता की कोरोना काल में मौत हो गई थी। जुबेर माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत के बाद मां और दो बहनों के भरण-पोषण का भी संकट खड़ा हो गया है।
पिता यामीन की मौत के बाद जुबेर ही मां और बहनों का एकमात्र सहारा था। वहीं सड़क दुर्घटना में मरे दूसरे किशोर सरफराज के पिता की भी 15 दिन पहले ही मौत हुई थी। इतनी कम अवधि में परिवार में दो मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों के शव गांव में पहुंचे तो कोहराम मच गया। पूरा गांव जुबेर और सरफराज के घर पर जुट गया। जनाजे की नमाज में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद गांव के कब्रिस्तान में दोनों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: Shamli News: नींव की खोदाई में मिले एक हजार साल पुराने सोने-चांदी के सिक्के, अंकित है मुस्लिम बादशाह का नाम
बता दें कि बीती रात 10:15 बजे फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर भादो निवासी सरफराज (18) पुत्र कुर्बान चैंपियन और जुबेर (17) पुत्र यामीन की खनन सामग्री से भरे दो डंपरों के बीच आने पर मौत हो गई थी। गुस्साए लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया था।
यह भी पढ़ें: सरिया लूट मामला: यूट्यूबर फरमानी नाज बोलीं-पिता-भाई चोर नहीं, मीडिया द्वारा फोटो लेने पर भड़कीं
थानाध्यक्ष प्रमोद रावल ने बताया कि मृतक के भाई आरिफ पुत्र कुर्बान की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।